साउथ कोरिया बैलेट पेपर केस मतपत्रों की जांच करने पहुंची संसदीय समिति, 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात

साउथ कोरिया बैलेट पेपर केस मतपत्रों की जांच करने पहुंची संसदीय समिति, 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात
दक्षिण कोरिया में 3 जून को हुए स्थानीय चुनावों के दौरान मतपत्रों (बैलेट पेपर) की कमी के मामले की जांच कर रही संसद की विशेष समिति ने गुरुवार को उस मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया, जहां प्रदर्शनकारी लंबे समय से डटे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने मतपेटियों (बैलेट बॉक्स) को बाहर ले जाने से रोकने के लिए इस परिसर की घेराबंदी कर रखी है।

सोल, 2 जुलाई (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया में 3 जून को हुए स्थानीय चुनावों के दौरान मतपत्रों (बैलेट पेपर) की कमी के मामले की जांच कर रही संसद की विशेष समिति ने गुरुवार को उस मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया, जहां प्रदर्शनकारी लंबे समय से डटे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने मतपेटियों (बैलेट बॉक्स) को बाहर ले जाने से रोकने के लिए इस परिसर की घेराबंदी कर रखी है।

स्थल निरीक्षण ऐसे समय हुआ, जब चुनाव दोबारा कराने की मांग को लेकर प्रदर्शनकारी पिछले 27 दिनों से दक्षिणी सोल स्थित ओलंपिक पार्क हैंडबॉल जिम्नेजियम के बाहर धरना दे रहे हैं। उन्होंने 5 जून को, यानी चुनाव के दो दिन बाद, विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। चुनाव के दिन देशभर के कई मतदान केंद्रों पर मतपत्रों की कमी के कारण मतदान कुछ समय के लिए बाधित हो गया था।

समिति के सदस्यों को स्टेडियम तक पहुंचाने के लिए पुलिस ने प्रवेश द्वार पर मौजूद प्रदर्शनकारियों को हटाया। चुनाव के दिन इसी स्टेडियम का इस्तेमाल मतगणना केंद्र के रूप में किया गया था। समिति का निरीक्षण करीब 40 मिनट तक चला।

गुरुवार सुबह स्टेडियम के बाहर प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कुछ लोगों ने एक-दूसरे को धक्का दिया, जबकि कुछ प्रदर्शनकारी निरीक्षण का विरोध करते हुए स्टेडियम की घेराबंदी जारी रखे रहे। उनका कहना था कि वे केवल विशेष जांच वकील (स्पेशल काउंसल) की टीम या अदालत के वारंट के साथ आने वाले अधिकारियों को ही अंदर जाने देंगे।

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को अलग-अलग किया और मौके पर करीब 2,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की। इस दौरान एक प्रदर्शनकारी के कथित तौर पर बेहोश होने की सूचना मिलने पर आपातकालीन चिकित्सा दल को भी बुलाया गया। हालांकि उसके बेहोश होने का कारण तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका।

इससे पहले समिति के सदस्यों ने सोंगपा जिला चुनाव आयोग का दौरा किया, जहां चुनाव अधिकारियों ने उन्हें मतदान के दिन मतपत्रों के प्रबंधन और वितरण की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया।

अधिकारियों ने बुधवार को बताया था कि जून में हुए स्थानीय चुनावों के दौरान मतपत्रों की कमी की जांच कर रही संसदीय विशेष समिति इस सप्ताह अपना पहला स्थल निरीक्षण करेगी। इसी क्रम में गुरुवार सुबह हुई बैठक में समिति ने सोंगपा जिला चुनाव आयोग और ओलंपिक पार्क हैंडबॉल जिम्नेजियम का निरीक्षण करने की योजना को मंजूरी दी। यह निरीक्षण मतदान और मतगणना प्रक्रिया की जांच का हिस्सा है।

समिति के अधिकारियों के मुताबिक, दूसरा स्थल निरीक्षण पहले अगले बुधवार को प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे मंगलवार के लिए पुनर्निर्धारित कर दिया गया है। हालांकि, इसका स्थान अभी तय नहीं किया गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 July 2026 11:50 AM IST

Tags

Next Story