'स्टॉक की स्थिति पिछले साल से बेहतर, खड़गे का बयान राजनीति से प्रेरित', खाद की कमी के दावे पर जेपी नड्डा का जवाब

स्टॉक की स्थिति पिछले साल से बेहतर, खड़गे का बयान राजनीति से प्रेरित, खाद की कमी के दावे पर जेपी नड्डा का जवाब
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उर्वरक (खाद) की कमी संबंधी बयान को खारिज करते हुए इसे राजनीति से प्रेरित बताया है।

नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उर्वरक (खाद) की कमी संबंधी बयान को खारिज करते हुए इसे राजनीति से प्रेरित बताया है।

जेपी नड्डा ने कहा कि खड़गे का बयान किसानों को गुमराह करने और बिना वजह डर फैलाने की कोशिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस किसानों को केवल वोट बैंक के रूप में देखती है और सही जानकारी देने के बजाय गलत तथ्यों को आगे बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि तथ्य खुद बताते हैं कि नरेंद्र मोदी सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी रही है और देश में खाद की उपलब्धता लगातार जरूरत से अधिक बनी हुई है।

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों को अंतरराष्ट्रीय कीमतों के असर से बचाया गया है। उन्होंने बताया कि जहां वैश्विक स्तर पर यूरिया की एक बोरी 4000 रुपए से अधिक की है, वहीं भारत में किसानों को यह मात्र 266.5 रुपए में उपलब्ध कराई जा रही है। इसी तरह डीएपी की एक बोरी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 4000 रुपए से ज्यादा है, किसानों को करीब 1350 रुपए में मिल रही है।

उन्होंने खड़गे के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष के नेता होने के बावजूद ऐसी भ्रामक जानकारी देना हैरान करने वाला है।

नड्डा ने कहा कि मौजूदा समय में खाद का स्टॉक पिछले साल की तुलना में कहीं बेहतर स्थिति में है। उनके अनुसार, डीएपी का स्टॉक 50 प्रतिशत से अधिक बढ़ा है, एनपीके का स्टॉक लगभग 30 प्रतिशत बढ़ा है और यूरिया की उपलब्धता भी पर्याप्त और स्थिर है।

उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कृषि मंत्रियों से बात कर खाद की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राज्य सरकारों के साथ मिलकर जमाखोरी, काला बाजारी और अवैध बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने वैश्विक स्तर पर टेंडर के माध्यम से 25 लाख मीट्रिक टन यूरिया की व्यवस्था की है और भारतीय दूतावासों के जरिए वैकल्पिक आपूर्ति स्रोत भी सुनिश्चित किए गए हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 April 2026 11:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story