सुल्तानपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 50 हजार का इनामी समेत चार गिरफ्तार
सुल्तानपुर, 3 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में गुरुवार-शुक्रवार देर रात गश्त के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस कार्रवाई में 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
तीन बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि जिले में रात के समय चोरी और सेंधमारी की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार गश्त, चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 3 बजे जयसिंहपुर थाना पुलिस पीढ़ी टोल के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि एक जीप कंपास में कुछ संदिग्ध लोग चोरी की वारदात को अंजाम देने की नीयत से इलाके में घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे भागने लगे। जब पुलिस ने उनका पीछा किया तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीन बदमाश घायल हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिकेत चौहान, आकाश, मिथिलेश चौहान और अजय कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, अनिकेत चौहान पर 52 मुकदमे दर्ज हैं, और वह 50 हजार रुपए का इनामी बदमाश भी है। आकाश पर 46, मिथिलेश चौहान पर 26, और अजय कुमार पर 22 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन देशी तमंचे, 22 जिंदा कारतूस, करीब 11 लाख रुपए नकद और कुछ ज्वेलरी बरामद की है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चोरी करने की नीयत से इलाके में आए थे। पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 July 2026 9:28 AM IST












