स्वतंत्रता दिवस पर देवोलीना का संदेश, देशप्रेम दिल में बसना चाहिए सिर्फ भाषणों में नहीं
मुंबई, 15 अगस्त (आईएएनएस)। देशभर में 80वें स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। टेलीविजन अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी का कहना है कि वह चाहती हैं कि उनका बच्चा ये जाने कि देश को आजादी कई कुर्बानियों के बाद मिली और भारतीय होने का मतलब दयालुता, हिम्मत और एकता है।
अभिनेत्री ने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा कि उनके लिए स्वतंत्रता दिवस का मतलब अतीत को याद करना और जो हमारे पास जिम्मेदारी है, उसे सही से निभाना है। देवोलीना भट्टाचार्जी ने कहा, "स्वतंत्रता दिवस हमें याद दिलाता है कि आजादी हमें मुफ्त में नहीं मिली, बल्कि इसे पाने के लिए कुर्बानी देनी पड़ी थी। ये उन लोगों को सम्मान देने का दिन भी है, जिन्होंने लड़ाई लड़ी ताकि हम इज्जत और सम्मान के साथ जी सकें, खुलकर बोल सकें और बिना डर के सपने देख सकें और उसे पूरा कर सकें।"
देवोलीना भट्टाचार्जी ने अपनी दिली इच्छा जाहिर करते हुए बताया कि वे अपने बेटे जॉय को उसके बचपने से ही आजादी से जुड़ी सारी बातें बता सिखा रही हैं। अभिनेत्री ने बताया, "एक मां होने के नाते मैं अपने बेटे जॉय को स्वतंत्रता दिवस मनाना सिखा रही हूं, जिससे उसे पता चले कि हम कहां से आए हैं। छोटे-छोटे हाथों में तिरंगा झंडा लहराना, राष्ट्रगान सुनना, माहौल को महसूस करना और आजादी के बारे में आसान शब्दों में समझना - ये सारे पल बच्चों के दिल में गर्व और शुक्रिया का भाव पैदा करते हैं।"
अभिनेत्री का मानना है कि अगर वे शुरुआती से अपने बेटे को यह सब सिखाएंगी, तो उसके लिए देश से प्यार सिर्फ भाषण नहीं रहेगा, बल्कि दिल में बसेगा। भारत का भविष्य उन्हीं संस्कारों से बनेगा जो हम आज उन्हें देंगे।
देवोलीना को स्टार प्लस के शो 'साथ निभाना साथिया' और 'साथ निभाना साथिया 2' में सीधी-सादी, मजबूत और पक्के इरादे वाली गोपी बहू का रोल निभाने के लिए जाना जाता है। उन्हें 'बिग बॉस 13' और 'बिग बॉस 14' जैसे रियलिटी शो और फिक्शन शो 'छठी मैया की बिटिया' और 'दिल दियां गल्लां' में भी देखा गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Aug 2026 12:02 PM IST












