स्वीडन ने पीएम मोदी को ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार’ सम्मान से किया सम्मानित
स्टॉकहोम, 17 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीडन की प्रतिष्ठित ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार’ कमांडर ग्रैंड क्रॉस सम्मान से सम्मानित किया गया। स्वीडन यात्रा के दौरान उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार’ स्वीडन के सर्वोच्च सम्मानों में से एक है, जो विदेशी नागरिकों और वैश्विक स्तर पर विशिष्ट योगदान देने वाले नेताओं को दिया जाता है। ‘कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ इस सम्मान की सर्वोच्च श्रेणी मानी जाती है और इसे सरकार प्रमुखों तथा वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों को अंतरराष्ट्रीय कूटनीति, सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।
इस सम्मान के साथ प्रधानमंत्री मोदी को अब तक विभिन्न देशों की सरकारों और संस्थानों की ओर से कुल 31 अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। इसे भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव और प्रधानमंत्री मोदी की विस्तारित कूटनीतिक पहुंच का प्रतीक माना जा रहा है।
स्वीडन यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ़ क्रिस्टर्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, प्रौद्योगिकी, हरित परिवर्तन, नवाचार और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह सम्मान भारत और स्वीडन के बीच गहराते संबंधों का प्रतीक है और दोनों देशों के बीच आर्थिक, तकनीकी तथा कूटनीतिक क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग को दर्शाता है।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वीडन पहुंचे हैं। उनके पहुंचते ही गुटेनबर्ग हवाई अड्डे पर वहां के पीएम उल्फ क्रिस्टर्सन ने उनका स्वागत किया। यहां पीएम मोदी ने व्यापार, निवेश, नवाचार और रक्षा जैसे क्षेत्रों में भारत-स्वीडन संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।
पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर पोस्ट किया, "स्वीडन के गुटेनबर्ग पहुंच गया हूं। मैं प्रधानमंत्री क्रिस्टर्सन से मिलूंगा, जिसका उद्देश्य व्यापार, निवेश, नवाचार, रक्षा और अन्य क्षेत्रों में भारत-स्वीडन की दोस्ती को आगे बढ़ाना है। प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष, उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ, मैं 'यूरोपीय व्यापार गोलमेज सम्मेलन' में यूरोपीय व्यापार जगत के नेताओं से मिलूंगा। इससे भारत और यूरोप के बीच निवेश के संबंध भी मजबूत होंगे।''
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 May 2026 10:53 PM IST












