टी20 वर्ल्ड कप फिन एलन ने रचा इतिहास, तोड़ा क्रिस गेल और तिलकरत्ने दिलशान का रिकॉर्ड
कोलकाता, 4 मार्च (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। एलन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बुधवार को कोलकाता में खेले गए पहले सेमीफाइनल में ये रिकॉर्ड अपने नाम किया।
एलन ने अपने रिकॉर्ड शतक के लिए जो मैच और मंच चुना वह लंबे समय तक याद रखा जाएगा। अपनी टीम को फाइनल का टिकट बहुत ही आसानी से दिलाने वाले एलन ने दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों को ऐसा कूटा जैसे कि वे किसी क्लब स्तर के गेंदबाज हों। पारी की शुरुआत करने आए एलन ने 33 गेंदों पर 8 छक्कों और 10 चौकों की मदद से नाबाद 100 रन बनाए। टी20विश्व कप इतिहास का यह सबसे तेज शतक है।
पूर्व में टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के नाम था। गेल ने 2016 टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों पर शतक लगाया था।
फिन एलन टी20 विश्व कप के नॉक आउट मैचों में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान द्वारा 2009 विश्व कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ सेमीफाइनल में बनाए नाबाद 96 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा।
न्यूजीलैंड के लिए टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाले एलन तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले 2012 में ब्रैंडन मेक्कुलम पल्लेकेले में बांग्लादेश के खिलाफ 123 और ग्लेन फिलिप्स ने 2022 में श्रीलंका के खिलाफ 104 रन की पारी खेली थी।
मैच पर नजर डालें तो दक्षिण अफ्रीका ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के 169 रन बनाए थे। सर्वाधिक 55 रन की पारी मार्को जानसेन ने खेली थी।
170 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड ने 12.5 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 173 रन बनाकर मैच 9 विकेट से जीत लिया। एलन 33 गेंदों पर 100 और रविंद्र 11 गेंदों पर 13 रन बनाकर नाबाद रहे। टिम साइफर्ट 33 गेंदों पर 58 रन बनाए। फिन एलन को उनकी यादगार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
--आईएएनएस
पीएके
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 March 2026 10:45 PM IST










