तमन्ना को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता सुवेंदु अधिकारी
नई दिल्ली, 27 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने राजनीतिक हिंसा के दौरान नाबालिग लड़की तमन्ना खातून की हत्या के मामले में कहा कि न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है और हम अपना वादा पूरा कर रहे हैं।
सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने अपनी बात को दोहराते हुए कहा कि तमन्ना को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है और मैं इस मामले में तुरंत और कानून के अनुसार कार्रवाई करने के लिए कृष्णानगर जिला पुलिस कर्मियों की तारीफ करता हूं और उनसे संतुष्ट हूं। तमन्ना की दुखी मां से मेरी मुलाकात के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की है ताकि दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिल सके।
सीएम ने आगे पोस्ट में लिखा कि मुझे पश्चिम बंगाल के लोगों को यह बताते हुए खुशी हो रही है कि एफआईआर में नामजद लगभग सभी आरोपियों को अब गिरफ्तार कर लिया गया है। पिछले कुछ दिनों में हमारी फोर्स ने गुड़गांव और नागपुर जैसी जगहों पर लगातार सुरागों का पीछा करते हुए 12 और लोगों को पकड़ा है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान जियारुल शेख, साबिर शेख, फकार शेख उर्फ इस्माइल शेख, हफीजुल शेख, मिनारुल शेख, अनीसुर शेख, मिलन शेख, रजाबुल शेख, जकात शेख, साहिबुल शेख, अमीरुल शेख, रकीबुल शेख के तौर पर हुई है।
सीएम ने लिखा कि इस तेज कार्रवाई से एक साफ संदेश जाता है। पिछली सरकार के समय के उलट, जब दोषियों की पहचान उनकी राजनीतिक संबद्धता से होती थी और पुलिस की कार्रवाई पीड़ितों की राजनीतिक पहचान से बहुत ज्यादा प्रभावित होती थी, हमारी सरकार अलग तरह से काम करती है। हमने कानून का राज स्थापित करने और उस काले दौर को पूरी तरह से खत्म करने का मजबूत और अटूट संकल्प लिया है, जिसमें शासक का कानून चलता था।
उन्होंने कहा कि अपराध तो अपराध होता है और कार्रवाई निष्पक्ष, तुरंत और बिना किसी डर या पक्षपात के की जाएगी, चाहे पीड़ित या आरोपी की पहचान कुछ भी हो। 23 जून 2025 को कालिगंज विधानसभा उपचुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद हुई हिंसा में तमन्ना खातून की मौत हो गई थी। उस समय तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार अलीफा अहमद ने भारी मतों से जीत दर्ज की थी।
जीत के जुलूस के दौरान कुछ तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने तमन्ना खातून के घर पर देसी बम फेंके थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। हाल ही में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने तमन्ना की मां से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Jun 2026 5:10 PM IST












