तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने दी निर्देशक भारतीराजा को श्रद्धांजलि, सितारों ने नम आंखों से किया याद

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने दी निर्देशक भारतीराजा को श्रद्धांजलि, सितारों ने नम आंखों से किया याद
तमिल सिनेमा पर अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले मशहूर निर्देशक भारतीराजा का निधन हो गया है। इस खबर के बाद से फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

चेन्नई, 10 जून (आईएएनएस)। तमिल सिनेमा पर अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले मशहूर निर्देशक भारतीराजा का निधन हो गया है। इस खबर के बाद से फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

भारतीराजा के निधन के बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने चेन्नई के नीलांगराई स्थित उनके आवास पहुंचकर अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर सांत्वना भी दी।

मुख्यमंत्री विजय ने 'एक्स' पर भी एक भावुक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, ''तमिल सिनेमा के महान निर्देशक भारतीराजा के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख और पीड़ा हुई है। भारतीराजा ने अपनी फिल्मों के जरिए ग्रामीण जीवन और संस्कृति को जिस सच्चाई और भावनात्मक गहराई के साथ प्रस्तुत किया, उसने उन्हें फिल्म जगत में एक अलग और विशेष स्थान दिलाया। उनकी फिल्में समाज और लोगों की वास्तविक जिंदगी को सामने लाने का माध्यम थीं।''

अपने पोस्ट में विजय ने आगे कहा, ''भारतीराजा को सिनेमा के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए कई राज्य और राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। उन्हें देश के प्रतिष्ठित पद्मश्री सम्मान से भी नवाजा गया था। उन्होंने कई पीढ़ियों के कलाकारों और तकनीशियनों को आगे बढ़ने का मौका दिया। उनके द्वारा खोजी गई प्रतिभाएं आज भी फिल्म जगत में अपनी पहचान बनाए हुए हैं।''

विजय ने अपने पोस्ट में निर्देशक के परिवार, दोस्तों, फिल्म जगत से जुड़े लोगों और उनके लाखों प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने आगे घोषणा की कि भारतीराजा की अंतिम यात्रा पूरे राजकीय सम्मान के साथ निकाली जाएगी।

भारतीराजा के निधन पर फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों ने भी शोक व्यक्त किया। इस कड़ी में अभिनेत्री गौतमी तडिमल्ला ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, ''भारतीराजा सही मायनों में भारतीय सिनेमा के दिग्गज थे। उन्होंने तमिल सिनेमा के एक पूरे दौर को अपनी कालजयी फिल्मों के जरिए परिभाषित किया। उनका जाना ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। आने वाली कई पीढ़ियां उनके काम और उनकी विरासत से प्रेरणा लेती रहेंगी। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।''

अभिनेत्री रेवती ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ''अगर मैं आज अभिनेत्री के रूप में पहचानी जाती हूं, तो इसके पीछे भारतीराजा का बड़ा योगदान है। वह हमेशा यादों पर रहेंगे।''

अभिनेता शांतनु भाग्यराज ने भी अपने पोस्ट में लिखा, ''भारतीराजा वह शख्स थे जिन्होंने तमिल मिट्टी की खुशबू और उसकी आत्मा को हमेशा के लिए बड़े पर्दे पर अमर कर दिया। सिनेमा को नई सोच देने वाला यह महान व्यक्ति अब हमारे बीच नहीं है, लेकिन उनके द्वारा बनाई गई राह आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी।''

संगीतकार और अभिनेता जी वी प्रकाश कुमार ने भी दुख व्यक्त करते हुए कहा, ''भारतीराजा उन लोगों में से थे जिन्होंने सिनेमा की दिशा बदल दी। उनके निधन की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। भारतीराजा केवल एक निर्देशक नहीं थे, बल्कि ऐसे मार्गदर्शक थे, जिन्होंने कई फिल्मकारों को सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा दी।''

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Jun 2026 12:41 PM IST

Tags

Next Story