पंजाबः टांडा के पूर्व थानाध्यक्ष गुरिंदरजीत सिंह नागरा गिरफ्तार, अमेरिका में रह रहे परिवार से जबरन वसूले थे लाखों रुपये

पंजाबः टांडा के पूर्व थानाध्यक्ष गुरिंदरजीत सिंह नागरा गिरफ्तार, अमेरिका में रह रहे परिवार से जबरन वसूले थे लाखों रुपये
पंजाब की जालंधर पुलिस ने टांडा के पूर्व थानाध्यक्ष (एसचओ) गुरिंदरजीत सिंह नागरा को देर रात गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले अमेरिका की एफबीआई की ओर से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुरिंदरजीत सिंह नागरा का नाम लेते हुए उन पर कथित तौर पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी और एक हत्या के मामले में फंसाने से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए थे।

जालंधर, 18 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब की जालंधर पुलिस ने टांडा के पूर्व थानाध्यक्ष (एसचओ) गुरिंदरजीत सिंह नागरा को देर रात गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले अमेरिका की एफबीआई की ओर से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुरिंदरजीत सिंह नागरा का नाम लेते हुए उन पर कथित तौर पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी और एक हत्या के मामले में फंसाने से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए थे।

उप पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, जालंधर रेंज की ओर से शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया है कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में एक मर्डर केस से जुड़ी जबरन वसूली के मामले में इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा पर अमेरिकी आरोपों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तुरंत थानाध्यक्ष टांडा के पद से हटाकर पुलिस लाइन्स, होशियारपुर भेज दिया गया। साथ ही, मर्डर केस की जांच होशियारपुर जिले के बाहर तैनात एक आईपीएस अधिकारी को सौंपी गई।

जांच के दौरान इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत नागरा के अमेरिका में रहने वाले एक परिवार से पैसे की मांग करने, जबरन वसूली करने और गैर-कानूनी तरीके से पैसे लेने में शामिल होने के पर्याप्त सबूत मिले हैं। तकनीकी विश्लेषण, वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड, गवाहों के बयान और अन्य सहायक सबूतों के आधार पर पेशेवर और बारीकी से जांच की जा रही है।

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि अब तक की जांच से पता चला है कि इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा अमेरिका में रहने वाले परिवार से जबरन वसूली करने और गैर-कानूनी तरीके से 16 लाख रुपये लेने में शामिल पाए गए हैं। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद, इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इसके बाद गुरिंदरजीत सिंह शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया और शनिवार को संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा। साथ ही, पूरी साजिश का पता लगाने के लिए पुलिस रिमांड भी ली जाएगी।

प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया गया कि इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत नागरा को सस्पेंड कर दिया गया है और उनके खिलाफ उचित विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। नागरा के खिलाफ जांच जारी है और अन्य संबंधित सबूत जुटाए जा रहे हैं। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार और गलत आचरण के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति के प्रति पंजाब सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 July 2026 3:33 PM IST

Tags

Next Story