तीरंदाज जैसी मुद्रा वाला है आकर्ण धनुरासन, पैरों से लेकर रीढ़ तक को बनाता है मजबूत

तीरंदाज जैसी मुद्रा वाला है आकर्ण धनुरासन, पैरों से लेकर रीढ़ तक को बनाता है मजबूत
प्राचीन योग ग्रंथों में ऐसे कई सारे आसनों का वर्णन मिलता है, जो शरीर को हर तरह से निरोग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। योग के विभिन्न आसनों में आकर्ण धनुरासन है, जिसके नियमित अभ्यास से यह आसन पैरों, कंधों और कमर के लचीलेपन को बढ़ाता है और शरीर में नई ऊर्जा का संचार करता है।

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्राचीन योग ग्रंथों में ऐसे कई सारे आसनों का वर्णन मिलता है, जो शरीर को हर तरह से निरोग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। योग के विभिन्न आसनों में आकर्ण धनुरासन है, जिसके नियमित अभ्यास से यह आसन पैरों, कंधों और कमर के लचीलेपन को बढ़ाता है और शरीर में नई ऊर्जा का संचार करता है।

इसका नाम संस्कृत के दो शब्दों से मिलकर बना है—'आकर्ण', यानी कान तक, और 'धनुष', यानी धनुष। इस आसन में साधक बैठकर अपने पैर को हाथों से पकड़कर कान तक खींचता है, जिससे शरीर की मुद्रा ठीक धनुष पर चढ़े तीर जैसी लगती है।

भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अनुसार, आकर्ण धनुरासन एक ऐसा आसन है, जो शरीर के कई हिस्सों को मजबूत और लचीला बनाता है। यह आसन धनुष और तीर की मुद्रा की तरह किया जाता है, जिसमें एक पैर को हाथ से पकड़कर कान के पास लाया जाता है। नियमित अभ्यास से इसके कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं।

आकर्ण धनुरासन सबसे पहले जांघों, कूल्हों और हैमस्ट्रिंग (पीछे की जांघ की मांसपेशियों) को मजबूत और लचीला बनाता है। इस आसन में पैर को ऊपर उठाने और खींचने की क्रिया से इन हिस्सों में खिंचाव आता है, जिससे मांसपेशियों में लचीलापन और मजबूती आती है और दर्द की शिकायत कम होती है।

इस आसन का दूसरा बड़ा लाभ रीढ़ की हड्डी को मिलता है। रोजाना अभ्यास करने से रीढ़ में लचीलापन बढ़ता है और स्पाइनल कॉर्ड मजबूत बनता है। इससे पीठ दर्द, साइटिका और कमर की जकड़न जैसी समस्याओं में राहत मिलती है।

हालांकि, आयुष मंत्रालय ने इस आसन को करने के दौरान सावधानियां बरतने की सलाह भी देता है। उनके अनुसार, इस आसन को हमेशा किसी योग्य योग शिक्षक या मार्गदर्शक की देखरेख में ही करना चाहिए। योगासन करने के दौरान पैर को कान तक खींचते समय जबरदस्ती न करें और शरीर पर अनावश्यक दबाव न डालें। यदि खिंचाव या दर्द महसूस हो, तो अभ्यास तुरंत रोक दें। गर्भावस्था के दौरान इस आसन को करने की सख्त मनाही होती है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story