तीसरा टी20 अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को 7 विकेट से रौंदा, सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप'

शारजाह, 1 नवंबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान ने रविवार को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराया। इसी के साथ अफगान टीम ने सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' कर लिया।
अफगानिस्तान ने टी20 सीरीज का पहला मैच 37 रन से अपने नाम किया था, जिसके बाद अफगान खेमे ने अगले मुकाबले को 19 रन से जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली थी। अब दोनों टीमें 5 नवंबर से 2 टेस्ट मुकाबलों की सीरीज खेलेंगी।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी जिम्बाब्वे की टीम सिर्फ 14.3 ओवरों में 79 रन पर सिमट गई। इस टीम को 8 के स्कोर पर इनोसेंट काइया (5) के रूप में पहला झटका लगा, जिसके बाद टीम ने 13 रन तक अपने 3 विकेट गंवा दिए।
यहां से रयान बर्ल ने वेस्ली मधेवेरे के साथ चौथे विकेट के लिए 39 गेंदों में 43 रन की साझेदारी करते हुए टीम को किसी तरह अर्धशतक के पार पहुंचाया, लेकिन 11वें ओवर में उसके तीन विकेट गिर गए।
अफगान खेमा 60 के स्कोर तक 7 विकेट खो चुका था, जिसके बाद उसके खाते में सिर्फ 19 रन जुड़ सके। इस पारी में सिर्फ रयान बर्ल (30) और वेस्ली मधेवेरे (10) दहाई का आंकड़ा छू सके। विपक्षी खेमे से नूर अहमद ने 13 रन देकर सर्वाधिक 5 विकेट चटकाए, जबकि अब्दुल्ला ताराखेल ने 2 विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में अफगानिस्तान ने महज 8.1 ओवरों में जीत हासिल कर ली। कप्तान इब्राहिम जादरान और मोहम्मद अकरम की जोड़ी ने 15 रन जुटाए। अकरम 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद जादरान ने सेदीकुल्लाह अटल के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन जोड़कर टीम को 44 के स्कोर तक पहुंचाया।
टीम ने 5वें ओवर में सेदीकुल्लाह अटल (20) और नूर उल रहमान (0) के विकेट गंवा दिए थे, लेकिन कप्तान जादरान (नाबाद 25) ने अजमतुल्लाह उमरजई (नाबाद 18) के साथ 19 गेंदों में 37 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। जिम्बाब्वे की तरफ से अर्नेस्ट मासुकु ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि 1 विकेट ब्लेसिंग मुजरबानी के नाम रहा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
