तीसरा टी20 डेरिल मिचेल का विस्फोटक अर्धशतक, न्यूजीलैंड ने भारत को 199 रन का लक्ष्य दिया

वेलिंगटन, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। हेनरी स्टेडियम में भारत के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 198 रन बनाए हैं।
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज टिम सिफर्ट मात्र 2 रन बनाकर आउट हो गए। दूसरे विकेट के लिए फिन एलन ने डेरिल मिचेल के साथ 43 गेंदों पर 86 रन की साझेदारी से टीम को 90 रन तक पहुंचाया। एलन 25 गेंदों पर 5 छक्कों की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए।
मिचेल और ग्लेन फिलिप्स के बीच तीसरे विकेट के लिए 21 गेंदों पर 33 रनों की साझेदारी हुई। फिलिप्स 17 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मिचेल और बेवॉन जैकब्स ने कीवी टीम को कोई नुकसान नहीं होने दिया। मिचेल और जैकब्स ने 48 गेंदों पर 75 रन की साझेदारी कर कीवी टीम का स्कोर 3 विकेट पर 198 तक पहुंचाया।
मिचेल ने 52 गेंदों पर 5 चौकों और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 89 रन और जैकब्स ने 23 गेंदों पर 4 चौकों और 1 छक्के की मदद से नाबाद 39 रन बनाए।
भुवनेश्वर कुमार के लिए यह मैच भी निराशाजनक साबित हुआ। भुवनेश्वर को 4 ओवर में 40 रन देने के बावजूद विकेट नहीं मिला। अर्शदीप ने 4 ओवर में 33 रन देकर 1, अक्षर पटेल ने 4 ओवर में 36 रन देकर 1 और नीतीश कुमार रेड्डी ने 4 ओवर में 38 रन देकर 1 विकेट लिया।
भारतीय टीम ने पिछले 2 मैचों में 226 और 181 रन का लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की है। ऐसे में 199 रन का लक्ष्य टीम इंडिया के लिए मुश्किल नहीं होना चाहिए। हालांकि, इसके लिए जरूरी है कि भारतीय टीम को अच्छी शुरुआत मिले। अगर टीम इंडिया 199 का लक्ष्य हासिल कर लेती है, तो सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर लेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
