द ओवल हेनरी निकोलस का शतक, न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड पर 352 रन की बढ़त बनाई
द ओवल, 19 जून (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ द ओवल में खेले जा रहे टेस्ट मैच के तीसरे दिन की समाप्ति के समय अपनी स्थिति मजबूत कर ली। तीसरे दिन की समाप्ति तक न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में 3 विकेट पर 252 रन बनाकर कुल बढ़त 352 रन की कर ली है। कीवी टीम को पहली पारी के आधार पर 100 रन की बढ़त मिली थी।
दूसरी पारी में न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज और कप्तान टॉम लैथम फिर फ्लॉप रहे और 4 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि डेवन कोनवे 11 रन बनाकर आउट हुए। हेनरी निकोलस और रचिन रवींद्र ने तीसरे विकेट के लिए 161 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। रवींद्र 76 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद हेनरी और मिचेल ने कोई विकेट नहीं गिरने दिया। दिन की समाप्ति के समय न्यूजीलैंड ने 3 विकेट पर 252 रन बना लिए थे। निकोलस 119 और मिचेल 32 रन पर नाबाद थे। दोनों के बीच 63 रन की साझेदारी हो चुकी है।
इसके पहले इंग्लैंड की पहली पारी 291 रन पर सिमट गई थी। इंग्लैंड के लिए नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए फिशर ने नाबाद 50 रन बनाए थे। इसके अलावा, एमिलियो गे ने 53, जो रूट ने 46 और बेन डकेट ने 36 रन की पारी खेली। इंग्लैंड पहली पारी के आधार पर न्यूजीलैंड से 100 रन से पिछड़ गई।
न्यूजीलैंड के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने सर्वाधिक 5 विकेट लिए। विल ओ'रूर्के ने 2 विकेट लिए। काइल जैमिसन और नाथन स्मिथ ने 1-1 विकेट लिए।
न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में ग्लेन फिलिप्स के पहले टेस्ट शतक की बदौलत न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 391 रन बनाए थे। फिलिप्स ने 135 गेंदों पर 18 चौकों की मदद से 100 रन बनाए। काइल जैमिसन ने 41, टॉम ब्लंडेल ने 51, रचिन रवींद्र ने 33, टॉम लैथम ने 27 और हेनरी निकोलस ने 24 रन की पारी खेली। कीवी टीम को 53 अतिरिक्त रन भी मिले थे।
इंग्लैंड के लिए बेथेल ने 10 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर, मैथ्यू फिशर, सोन्नी बाकेर ने 2-2 विकेट लिए। जोश टंग को 1 विकेट मिला।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Jun 2026 12:12 AM IST












