स्वास्थ्य/चिकित्सा: जापान में सैकड़ों लोगों ने मनाया 11वां 'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस'

टोक्यो, 21 जून (आईएएनएस)। 11वें 'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस' के मौके पर शनिवार को जापान में दो हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए। टोक्यो के बौद्ध मंदिर 'त्सुकिजी होंगवानजी' में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन जापानी प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा की पत्नी योशिको इशिबा ने किया। योग दिवस पर इस साल की थीम "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग" थी।
जापान में भारतीय राजदूत सिबी जॉर्ज ने यहां मौजूद लोगों को संबोधित किया, जो बड़ी संख्या में एकत्र हुए थे।
जापानी विदेश मंत्री इवाया ताकेशी की पत्नी सतोको इवाया इस मौके पर मौजूद रहीं।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर 'त्सुकिजी होंगवानजी' के रेवरेंड म्योकेन हयामा और रेवरेंड तोमोहिरो किमुरा के अलावा भारतीय राजदूत की पत्नी जोइस सिबी मौजूद रहीं। इनके अलावा वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, रेजिडेंट राजदूत और राजनयिक भी यहां मौजूद थे।
इससे पहले, शुक्रवार को जापान में 'ओसाका एक्सपो 2025' में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया।
टोक्यो में स्थित भारतीय दूतावास ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "जापान में भारत के राजदूत सिबी जॉर्ज और ओसाका प्रांत के उप-राज्यपाल शिगेकी वतनबे ने समारोह का उद्घाटन किया। हजारों लोग इस सामूहिक योग सेशन में शामिल हुए।"
अपने 11वें वर्ष तक 'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस' ग्लोबल इवेंट के रूप में विकसित हो गया है। भारत योग के अभ्यास से मन की शांति, अनुशासन और स्थायी जीवन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
साल 2025 की थीम 'एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग' पर्सनल वेल-बीइंग और प्लैनेटरी हेल्थ के बीच संबंध पर जोर देती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि योग दुनिया को ऐसे समय में शांति की दिशा देता है, जब वह संघर्ष, अशांति और अस्थिरता का सामना कर रही है।
पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आग्रह किया कि इस योग दिवस को मानवता के लिए 'योग 2.0' की शुरुआत के रूप में चिह्नित किया जाए, जहां आंतरिक शांति वैश्विक नीति बन जाती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Jun 2025 11:07 AM IST