टीएमसी ही टीएमसी पर कर रही हमला, भाजपा पर आरोप बेबुनियाद समिक भट्टाचार्य
कोलकाता, 6 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की बंपर जीत जैसी राजनीति में हालिया घटनाक्रमों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने टीएमसी द्वारा चुनाव के बाद हिंसा और तोड़फोड़ के आरोप भाजपा पर लगाए जाने के मुद्दे पर पलटवार करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस के भीतर ही आपसी संघर्ष की स्थिति है। उन्होंने दावा किया कि कई घटनाओं में टीएमसी के लोग ही एक-दूसरे के खिलाफ हिंसा कर रहे हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि बारासात के एक उम्मीदवार ने उनसे संपर्क किया और यहां तक कि पूर्व सांसद दिलीप घोष को भी टीएमसी के एक उम्मीदवार ने फोन कर अपने कार्यालय पर हो रहे हमले की जानकारी दी।
भट्टाचार्य के अनुसार, जब पूछा गया कि हमला कौन कर रहा है, तो जवाब मिला कि हमलावर भी टीएमसी से ही जुड़ा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा किसी भी स्थिति में हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेगी और इसे रोकने के लिए प्रतिबद्ध है।
राज्य में हिंदू समुदाय के बीच बढ़ते उत्साह और मंदिरों के कपाट खुलने के मुद्दे पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। भट्टाचार्य ने कहा कि मुर्शिदाबाद और आसनसोल सहित कई स्थानों पर मंदिर फिर से खोले गए हैं, जिससे लोगों में खुशी का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले ऐसी स्थिति बनाई गई थी, जिसमें धार्मिक गतिविधियों पर अप्रत्यक्ष पाबंदियां थीं, जैसे दीया जलाने की अनुमति लेकिन शंख बजाने पर रोक या अंतिम संस्कार के दौरान धार्मिक नारों पर प्रतिबंध।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या एक स्वतंत्र देश के एक राज्य में इस प्रकार की पाबंदियां उचित हैं और क्या दुर्गा पूजा जैसे पर्वों के आयोजन का समय भी सरकार तय करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति विभाजनकारी नहीं है बल्कि सभी को समान अधिकार देने की पक्षधर है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के उस बयान पर जिसमें उन्होंने अपनी राजनीतिक लड़ाई जारी रखने और मुख्यमंत्री पद पर बने रहने की बात कही थी, भट्टाचार्य ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इसके लिए देश का संविधान है और सभी निर्णय उसी के दायरे में होने चाहिए।
उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भाजपा की निर्णायक चुनावी जीत पर बधाई देने के सवाल पर कहा कि इससे राज्य की लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता।
भट्टाचार्य ने कहा कि चाहे ट्रंप ने बधाई दी हो या नहीं, यह पश्चिम बंगाल के जनादेश को नहीं बदलता लेकिन यह भी सच है कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों कैलिफोर्निया, लॉस एंजिल्स, सिलिकॉन वैली और डलास से बड़ी संख्या में लोग मतदान के लिए बंगाल आए। उन्होंने इसे इस बात का संकेत बताया कि पूरे देश और दुनिया की नजर इस चुनाव पर थी।
उनके अनुसार राज्य की डेमोग्राफी में बड़ा बदलाव हुआ है जिसके चलते सुरक्षा से समझौता रहा है और भाजपा की जीत को उन्होंने इसी संदर्भ में महत्वपूर्ण बताया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 May 2026 3:41 PM IST












