टीएमसी के बारे में सोचने का समय नहीं, सरकार राज्य के विकास पर कर रही फोकस निसिथ प्रमाणिक

टीएमसी के बारे में सोचने का समय नहीं, सरकार राज्य के विकास पर कर रही फोकस  निसिथ प्रमाणिक
पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार बनने के बाद कैबिनेट मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने साफ कहा है कि उनकी सरकार फिलहाल विकास और प्रगति पर ध्यान दे रही है और तृणमूल कांग्रेस की गतिविधियों में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है।

कोलकाता, 11 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार बनने के बाद कैबिनेट मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने साफ कहा है कि उनकी सरकार फिलहाल विकास और प्रगति पर ध्यान दे रही है और तृणमूल कांग्रेस की गतिविधियों में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है।

आईएएनएस से बातचीत के दौरान निसिथ प्रमाणिक से निलंबित टीएमसी प्रवक्ता रिजू दत्ता द्वारा पार्टी पर लगाए गए आरोपों को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, "इस समय हमारे पास टीएमसी के बारे में सोचने का भी समय नहीं है। सरकार पूरी तरह विकास और प्रगति के कामों पर फोकस कर रही है। टीएमसी क्या कर रही है या नहीं कर रही, इसमें हमारी कोई रुचि नहीं है और न ही हम उस पर चर्चा करना चाहते हैं।"

इससे पहले पश्चिम बंगाल कैबिनेट की पहली बैठक को लेकर भी निसिथ प्रमाणिक ने कहा कि बैठक में दो से तीन अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही यह एक परिचयात्मक बैठक भी होगी, जिसमें सभी मंत्री एक-दूसरे से औपचारिक रूप से परिचित होंगे।

उन्होंने कहा, "यह पहली बैठक है, इसलिए परिचय का सत्र भी रहेगा। सभी सम्मानित सदस्यों को आमंत्रित किया जाएगा और सभी एक-दूसरे से परिचित होंगे। कुछ विशेष एजेंडा पर भी चर्चा होगी, लेकिन उसकी जानकारी बैठक खत्म होने के बाद ही साझा की जाएगी।"

निसिथ प्रमाणिक पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने 2026 के विधानसभा चुनाव में माथाभांगा सीट से बड़ी जीत दर्ज की और 9 मई को पश्चिम बंगाल सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।

17 जनवरी 1986 को कूचबिहार में जन्मे निसिथ प्रमाणिक राजनीति में आने से पहले एक प्राथमिक विद्यालय में सहायक शिक्षक के रूप में काम कर चुके हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई भेतागुड़ी लाल बहादुर शास्त्री विद्यालय से पूरी की थी। वे राजबंशी समुदाय के प्रमुख नेताओं में माने जाते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 May 2026 3:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story