तूफान 'अकवान' के 2 घंटे में शुरू होगी टकराने की प्रक्रिया, 90 किमी प्रति घंटे तक चलेंगी हवाएं

तूफान अकवान के 2 घंटे में शुरू होगी टकराने की प्रक्रिया, 90 किमी प्रति घंटे तक चलेंगी हवाएं
चक्रवाती तूफान "अकवान" से जुड़े बादल उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय क्षेत्रों तक पहुंच चुके हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो घंटों में तूफान के लैंडफॉल (तट से टकराने) की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। चक्रवाती तूफान "अकवान" से जुड़े बादल उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय क्षेत्रों तक पहुंच चुके हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो घंटों में तूफान के लैंडफॉल (तट से टकराने) की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद भीषण चक्रवाती तूफान "अकवान" पिछले 6 घंटों के दौरान 21 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। अब यह कमजोर होकर एक चक्रवाती तूफान में बदल गया है।

शुक्रवार की सुबह 02:30 बजे यह उसी क्षेत्र में स्थित था। यह कलिंगपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से लगभग 110 किमी दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 170 किमी पूर्व, गोपालपुर (ओडिशा) से 170 किमी दक्षिण, पुरी (ओडिशा) से 250 किमी दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम और नरसापुर (आंध्र प्रदेश) से 370 किमी पूर्व-उत्तर-पूर्व में केंद्रित था।

इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते रहने और शुक्रवार की दोपहर से पहले गोपालपुर के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 70-80 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जो झोंकों के साथ 90 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

आईएमडी ने बताया कि नवीनतम सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि चक्रवाती तूफान "अकवान" से जुड़े बादल उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों तक पहुंच गए हैं, जिससे इसका जमीन (तटीय क्षेत्र) से संपर्क शुरू हो गया है। अगले 2 घंटों के दौरान 'लैंडफॉल' (जमीन से टकराने) की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस पूरे सिस्टम पर विशाखापत्तनम और गोपालपुर में लगे डॉप्लर वेदर रडार के जरिए लगातार नज़र रखी जा रही है।

ओडिशा में चक्रवात 'अकवान' के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर बचाव और राहत की तैयारियां शुरू कर दी हैं। ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने गुरुवार को बताया कि प्रशासन ने राज्य में 4,243 संवेदनशील स्थानों की पहचान की है। अब तक करीब 72 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। यह अभियान बुधवार से शुरू हुआ था और पूरी रात जारी रहा।

उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों के लिए करीब 8,000 राहत शिविर तैयार किए गए हैं। वहीं, 30 नवंबर के आसपास जिन महिलाओं की प्रसव की संभावित तारीख है, ऐसी करीब 9,100 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है। इनमें से कई महिलाओं को पहले ही अस्पतालों में शिफ्ट किया जा चुका है।

मुख्य सचिव ने कहा कि भूस्खलन की आशंका को देखते हुए संवेदनशील जिलों से भी लोगों को हटाया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों की तलहटी में छोटी बस्तियों और अस्थायी झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। गजपति जिले में करीब 16 हजार और कंधमाल जिले में लगभग 3,400 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story