'त्योहारी सीजन में रैली से व्यापार चौपट हो जाएगा', व्यापारियों ने राहुल गांधी से की विरोध प्रदर्शन टालने की अपील

त्योहारी सीजन में रैली से व्यापार चौपट हो जाएगा, व्यापारियों ने राहुल गांधी से की विरोध प्रदर्शन टालने की अपील
1 नवंबर को प्रस्तावित विपक्षी गठबंधन की रैली और विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली के व्यापारिक संगठनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। व्यापारियों ने बुधवार को कहा कि दिवाली और भाई दूज जैसे महत्वपूर्ण त्योहारी सीजन के बीच होने वाली किसी भी बड़ी राजनीतिक रैली का सीधा असर बाजारों, ग्राहकों की आवाजाही और कारोबार पर पड़ेगा। इसी कड़ी में व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत गर्ग ने राहुल गांधी से प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन वापस लेने या कम से कम उसे दिवाली के बाद तक स्थगित करने की अपील की है।

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। 1 नवंबर को प्रस्तावित विपक्षी गठबंधन की रैली और विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली के व्यापारिक संगठनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। व्यापारियों ने बुधवार को कहा कि दिवाली और भाई दूज जैसे महत्वपूर्ण त्योहारी सीजन के बीच होने वाली किसी भी बड़ी राजनीतिक रैली का सीधा असर बाजारों, ग्राहकों की आवाजाही और कारोबार पर पड़ेगा। इसी कड़ी में व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत गर्ग ने राहुल गांधी से प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन वापस लेने या कम से कम उसे दिवाली के बाद तक स्थगित करने की अपील की है।

आईएएनएस से बातचीत में रविकांत गर्ग ने कहा कि जिस मुद्दे को लेकर रैली की जा रही है, वह पहले से ही सुप्रीम कोर्ट के विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कई याचिकाएं दायर की गई हैं और हाल ही में अदालत में इस पर विस्तृत सुनवाई भी हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि अगली सुनवाई 17 नवंबर को निर्धारित है। गर्ग ने कहा कि यदि मामला न्यायालय में लंबित है तो इस तरह की रैली का कोई औचित्य नहीं बनता। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के कार्यक्रम लोगों को भ्रमित करने और दबाव की राजनीति का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष वास्तव में रचनात्मक राजनीति करना चाहता है तो उसे इस विरोध प्रदर्शन पर पुनर्विचार करना चाहिए।

गर्ग ने कहा, "अगर राहुल गांधी एक समझदार व्यक्ति हैं और सही मायने में समझदारी वाली राजनीति करना चाहते हैं या कुछ अच्छा करना चाहते हैं, तो उनके लिए यही बेहतर होगा कि वे इस विरोध प्रदर्शन को वापस ले लें।"

वहीं, चांदनी चौक व्यापार समिति के अध्यक्ष संजय भार्गव ने आईएएनएस से कहा कि व्यापारियों ने पहले ही कई चुनौतियों का सामना किया है और अब त्योहारी सीजन में एक और बड़े आयोजन की आशंका उन्हें परेशान कर रही है।

उन्होंने कहा, "समस्या सिर्फ रैली के एक दिन आयोजित होने की नहीं है, बल्कि उससे पहले और बाद में लगने वाली सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रतिबंध और बैरिकेडिंग भी बाजारों को प्रभावित करती है।"

भार्गव ने कहा कि यदि आयोजन करना ही है तो इसे दिवाली के बाद रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि "रामलीला मैदान नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली के बीच स्थित है और यहां बड़ी भीड़ जुटने की स्थिति में दोनों इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम लग सकता है। इसका असर चांदनी चौक, सदर बाजार और आसपास के थोक व खुदरा बाजारों पर पड़ना तय है।"

इसके साथ ही, कई व्यापारियों ने भी इस प्रस्तावित रैली का विरोध किया है। कारोबारी पूरनचंद जोशी ने कहा कि बाजारों के आसपास होने वाले किसी भी प्रदर्शन का नुकसान सबसे पहले व्यापारियों को उठाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों के कारण ग्राहकों की संख्या घट जाती है, आवाजाही प्रभावित होती है और कारोबार में करोड़ों रुपए का नुकसान होता है।

उन्होंने कहा कि बाजारों और भीड़-भाड़ वाले व्यावसायिक क्षेत्रों में इस प्रकार के बड़े प्रदर्शनों को अनुमति देने से आम लोगों को भी परेशानी होती है। लोगों के लिए बाजार तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है और इसका सीधा असर बिक्री पर पड़ता है।

एक अन्य कारोबारी अजय कुमार मित्तल ने आईएएनएस से कहा कि त्योहारी सीजन व्यापारियों के लिए पूरे साल का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। उन्होंने बताया कि दुकानदार महीनों पहले से स्टॉक तैयार करते हैं, सप्लाई चेन व्यवस्थित करते हैं और ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विज्ञापन सहित कई स्तरों पर निवेश करते हैं।

मित्तल ने कहा, "यदि ऐसे समय में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन और रैलियां होती हैं तो केवल नुकसान नहीं होता, बल्कि पूरा कारोबार प्रभावित हो जाता है। पिछले कई महीनों से व्यापार अपेक्षित स्तर पर नहीं रहा और अब त्योहारों के दौरान बाजार को जो उम्मीदें थीं, वे भी ऐसे आयोजनों के कारण प्रभावित हो सकती हैं।"

उन्होंने कहा कि व्यापारी चाहते हैं कि राजनीतिक दल अपनी गतिविधियां जारी रखें, लेकिन त्योहारी सीजन समाप्त होने के बाद।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story