ट्रेन में चाकू मारकर यात्री को घायल करने वाले आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए
मुजफ्फरपुर, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर में रेल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन में चाकू मारकर यात्री को घायल करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। रेल पुलिस की यह कार्रवाई महज 48 घंटे के भीतर की गई।
यह घटना मुजफ्फरपुर जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 8 पर हुई। ट्रेन संख्या 63309 वहां खड़ी थी, उसी दौरान सीट पर बैठने को लेकर संजय कुमार और उनके भाई का दो युवकों के साथ विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने संजय कुमार और उनके भाई पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद रेल पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर 48 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गोविंद कुमार उर्फ मुन्ना कुमार और सुमन कुमार के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेजा गिया गया।
डीएसपी (हेडक्वार्टर) निधि कुमारी ने बताया कि मुजफ्फरपुर जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 8 पर ट्रेन में सीट को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद में दो लोगों ने चाकू मारकर दो अन्य यात्रियों को घायल कर दिया। घटना की सूचना जीआरपी को मिली और फिर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को दोनों आरोपी गोविंद कुमार उर्फ मुन्ना कुमार और सुमन कुमार को पूर्वी चंपारण स्थित उनके घर से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद शनिवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 April 2026 6:32 PM IST











