टीवी एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी सुसाइड केस में 10 साल बाद कोर्ट ने बॉयफ्रेंड पर सुनाया फैसला
मुंबई, 30 सितंबर (आईएएनएस)। टीवी की मशहूर 'बालिका वधू' यानी आनंदी के नाम से जानी जाने वाली अभिनेत्री प्रत्युषा बनर्जी की आत्महत्या मामले में बुधवार को बड़ा फैसला आया है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने उनके पूर्व पार्टनर राहुल राज सिंह को आरोपमुक्त (डिस्चार्ज) कर दिया है।
जस्टिस एसजी डिगे की सिंगल बेंच ने बुधवार को यह आदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि अभियोजन के पास मामले को ट्रायल तक ले जाने लायक पर्याप्त सबूत ही नहीं हैं।
24 साल की प्रत्युषा बनर्जी 1 अप्रैल 2016 को गोरेगांव वेस्ट स्थित अपने किराए के फ्लैट में फांसी पर लटकी मिली थीं। उनकी मां सोमा बनर्जी की शिकायत पर बांगुर नगर पुलिस ने राहुल राज सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 323, 504, और 506 के तहत केस दर्ज किया था। आरोप था कि राहुल ने उन्हें शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया।
राहुल को जुलाई 2016 में हाई कोर्ट से ही अग्रिम जमानत मिल गई थी। 2018 में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की थी। इसके बाद राहुल ने डिस्चार्ज के लिए अर्जी लगाई, जिसे डिंडोशी सेशन कोर्ट ने अगस्त 2023 में खारिज कर दिया था। सेशन कोर्ट ने तब कहा था कि गवाहों के बयान से लगता है कि आरोपी ने मृतका की जिंदगी नर्क बना दी थी।
राहुल की ओर से सीनियर वकील आबाद पोंडा और श्रेयांश मिठारे ने दलील दी कि एफआईआर जल्दबाजी में दर्ज की गई, कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। आत्महत्या से एक घंटे पहले की आखिरी फोन रिकॉर्डिंग में राहुल प्रत्युषा को कोई भी कदम न उठाने के लिए समझा रहे थे और अपना प्यार जता रहे थे। राहुल ही वह व्यक्ति था जिसने दरवाजा खुलवाया और उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की।
कोर्ट ने इन दलीलों को मानते हुए कहा कि यह उकसाने का मामला नहीं बनता, इसलिए ट्रायल चलाना कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग होगा। राहुल का शुरू से दावा रहा है कि दोनों दिसंबर 2016 में शादी करने वाले थे। अब 10 साल चली इस कानूनी लड़ाई के बाद राहुल बरी हो गए हैं। प्रत्युषा का परिवार चाहे तो सुप्रीम कोर्ट में अपील कर सकता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Sept 2026 9:37 PM IST












