टायर फटने से एनएच-27 पर पलटी दिल्ली से आ रही बस, दर्जनभर यात्री घायल
गोपालगंज, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के गोपालगंज जिले में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। सिधवलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-27 पर बरहिमा टोल प्लाजा के पास एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
मिली जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली से आ रही थी और काफी तेज रफ्तार में चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चलते-चलते अचानक बस का टायर फट गया, जिसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते बस सड़क किनारे पलट गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
इस हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और तुरंत इलाज के लिए गोपालगंज के सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
सदर अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने घायलों का इलाज शुरू कर दिया है। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में जारी है।
इस मामले में सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि बस दिल्ली से आ रही थी। रास्ते में अचानक टायर फटने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साथ ही सड़क पर यातायात को सामान्य करने का काम भी किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 April 2026 4:51 PM IST












