उधमपुर में 'विकसित भारत संकल्प सम्मेलन' का आयोजन, पीएम मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर गिनाई गई उपलब्धियां
उधमपुर, 12 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में 'विकसित भारत संकल्प सम्मेलन' का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और सम्मेलन का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक विशेष पौधरोपण अभियान भी चलाया गया। इस अवसर पर जितेंद्र सिंह ने स्वयं पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की।
सम्मेलन में भाजपा उधमपुर जिला अध्यक्ष अरुण गुप्ता, उधमपुर पश्चिम से विधायक पवन कुमार गुप्ता, उधमपुर पूर्व से विधायक आर.एस. पठानिया तथा रामनगर के विधायक डॉ. सुनील भारद्वाज भी मौजूद रहे।
सभी नेताओं ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों की जानकारी साझा की और इन उपलब्धियों का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को दिया।
सभा को संबोधित करते हुए जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश की शासन व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को केंद्र में रखकर सरकार ने काम किया है, जिससे लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है।
जितेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार की कई प्रमुख योजनाओं और पहलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं, डिजिटल सशक्तीकरण और विभिन्न सुधारों के माध्यम से आम नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में यहां अभूतपूर्व विकास देखने को मिला है। बेहतर सड़क और परिवहन संपर्क, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, शिक्षा के नए अवसर और विकास परियोजनाओं के तेजी से क्रियान्वयन ने क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है।
जितेंद्र सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए निरंतर काम करने का आह्वान किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Jun 2026 11:59 PM IST












