उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर में भगवान धन्वंतरि की पूजा से शुरू हुआ दीपावली पर्व

उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर में भगवान धन्वंतरि की पूजा से शुरू हुआ दीपावली पर्व
विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार को धनतेरस (धनत्रयोदशी) के पावन अवसर पर भगवान धन्वंतरि का विशेष पूजन संपन्न हुआ। यह पूजन सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना के साथ मंदिर की सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार विधि-विधान से किया गया।

उज्जैन, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार को धनतेरस (धनत्रयोदशी) के पावन अवसर पर भगवान धन्वंतरि का विशेष पूजन संपन्न हुआ। यह पूजन सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना के साथ मंदिर की सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार विधि-विधान से किया गया।

पूजन के साथ ही पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत भी हो गई, जो अब उत्साह के साथ जारी रहेगा।

मंदिर की पुरोहित समिति के 22 पुजारियों ने सामूहिक रूप से भगवान महाकाल और धन्वंतरि का महापूजन किया। इस दौरान राष्ट्र, भक्तों के कल्याण, धन-धान्य और स्वास्थ्य की प्रार्थना की गई। पूजन के बाद प्राचीन रिवाज के तहत ब्राह्मणों को चांदी के सिक्कों से सम्मानित किया गया। यह परंपरा महाकाल को राजा मानकर देश और प्रजा की खुशहाली के लिए चली आ रही है।

इस अवसर पर उज्जैन के कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, मंदिर प्रशासक, पुलिस अधीक्षक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी अपने परिवार के साथ मौजूद रहे। उन्होंने भगवान के चरणों में शीश नवाकर सबके लिए मंगलकामना की।

कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने कहा, "आज धनतेरस है। मैं सभी को बधाई देता हूं। महाकालेश्वर मंदिर से पूजन की शुरुआत हुई, जिसमें मुझे शामिल होने का सौभाग्य मिला। हर साल की तरह इस बार भी यह परंपरा निभाई गई। आपके माध्यम से पूरे जिले की समृद्धि की कामना करता हूं।"

पंडित गौरव शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में बताया, "दीपावली की शुरुआत हो चुकी है और धनतेरस इसका महत्वपूर्ण त्योहार है। लोग सुख-शांति के लिए घर में दीप जलाते हैं। आज महाकालेश्वर मंदिर से यह परंपरा शुरू हुई। राष्ट्र कल्याण के लिए दीपोत्सव का आयोजन हुआ। भगवान भोलेनाथ सब पर आशीर्वाद बनाए रखें, सभी के घर में मंगल हो। पहले लोग धनतेरस पर चांदी खरीदते थे, यह रिवाज आज भी जारी है।"

श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया। मंदिर परिसर में विशेष सजावट और भक्ति का माहौल रहा। इस पूजन से शहर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 Oct 2025 7:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story