अंडर-17 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप निकिता सहरावत ने जीता सिल्वर, कामना और गरिमा के नाम ब्रॉन्ज मेडल
बाकू, 30 जुलाई (आईएएनएस)। अजरबैजान के बाकू में जारी अंडर-17 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 में भारत की महिला पहलवानों का शानदार प्रदर्शन रहा, जिन्होंने कड़े मुकाबले वाले वेट कैटेगरी में एक सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल जीते।
57 किलोग्राम कैटेगरी में निकिता सहरावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई थी। फाइनल में उनका मुकाबला यूएसए की मौजूदा अंडर-17 वर्ल्ड सिल्वर मेडलिस्ट एपेनेसा एलिसन से हुआ। निकिता ने बहादुरी से मुकाबला किया, लेकिन उन्हें 0-6 से हार का सामना करना पड़ा। निकिता सहरावत दूसरे स्थान पर रहीं, जिसके साथ उन्होंने भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता।
49 किलोग्राम कैटेगरी में कामना बाबल ने जबरदस्त जज्बा दिखाते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। जापान की साइका उचिडा से सेमीफाइनल में हारने के बाद, कामना ने तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में रूस की इरिना त्सिदीवा के खिलाफ शानदार वापसी की। एक तनावपूर्ण और कड़े मुकाबले में, भारतीय पहलवान ने अपनी प्रतिद्वंद्वी को 3-2 से हराकर पोडियम पर अपनी जगह पक्की की।
देश के पदकों की संख्या में इजाफा करते हुए, गरिमा ने 73 किलोग्राम वर्ग के ब्रॉन्ज मेडल मैच में दबदबे वाला प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल में यूएसए की कैली मैनुअल से 5-7 की करीबी हार के बाद, पूर्व अंडर-15 एशियन चैंपियन ने खुद को संभाला और वापसी की। उन्होंने स्पेन की पाउला बेनाइक्सा पेरेज के खिलाफ टेक्निकल सुपीरियरिटी के आधार पर 10-0 से शानदार जीत हासिल कर ब्रॉन्ज मेडल जीता।
नतीजे:
57 किलोग्राम भार वर्ग: भारत की निकिता सहरावत यूएसए की एपेनेसा एलिसन के खिलाफ 0-6 से हारीं।
49 किलोग्राम भार वर्ग: कामना बाबल ने रूस की इरिना त्सिदीवा को 3-2 से हराया।
73 किलोग्राम भार वर्ग: भारतीय रेसलर गरिमा ने स्पेन की पाउला बेनाइक्सा के विरुद्ध टेक्निकल सुपीरियरिटी के आधार पर 10-0 से जीत दर्ज की।
अंडर-17 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 27 जुलाई से 2 अगस्त तक अजरबैजान के बाकू में स्थित नेशनल जिम्नास्टिक एरिना में किया जा रहा है। प्रतियोगिता की शुरुआत ग्रीको-रोमन कुश्ती से हुई, जिसके बाद महिला रेसलिंग का आयोजन हो रहा है। चैंपियनशिप का अंत फ्रीस्टाइल रेसलिंग के साथ होगा। इस चैंपियनशिप का आयोजन यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) द्वारा किया जाता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 July 2026 10:13 PM IST












