अंडर-18 एशिया कप पूल स्टेज में शानदार प्रदर्शन, सेमीफाइनल मुकाबले के लिए तैयार भारतीय पुरुष और महिला टीमें

अंडर-18 एशिया कप पूल स्टेज में शानदार प्रदर्शन, सेमीफाइनल मुकाबले के लिए तैयार भारतीय पुरुष और महिला टीमें
पूल स्टेज में शानदार प्रदर्शन के बाद, भारतीय महिला और पुरुष टीमें अंडर-18 एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में मुकाबला करने के लिए तैयार हैं।

काकामिगहारा, 4 जून (आईएएनएस)। पूल स्टेज में शानदार प्रदर्शन के बाद, भारतीय महिला और पुरुष टीमें अंडर-18 एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में मुकाबला करने के लिए तैयार हैं।

महिला टीम ने अपने तीनों मुकाबले शानदार तरीके से जीतकर 'पूल-ए' में शीर्ष स्थान हासिल किया। टीम ने पूरे पूल स्टेज के दौरान 30 गोल किए, जबकि उनके खिलाफ सिर्फ 2 गोल हुए।

भारत ने अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के खिलाफ 2-1 की कड़े मुकाबले वाली जीत के साथ की, जिसके बाद उन्होंने कोरिया के खिलाफ 3-1 की शानदार जीत दर्ज की। इसके बाद भारतीय टीम ने अपने आखिरी पूल मैच में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए सिंगापुर को 25-0 से रौंदा और स्टैंडिंग में शीर्ष स्थान पक्का कर लिया।

इस टूर्नामेंट में अब तक नौशीन नाज भारत के लिए सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी रही हैं, जिन्होंने 10 गोल किए, जबकि गीताश्री नामी ने 5 गोल दागे। कप्तान स्वीटी कुजूर ने चार गोल किए, जबकि प्रियंका मिंज ने भारत के खाते में 3 गोल जोड़े। अब 5 जून को सेमीफाइनल में भारतीय महिला टीम का मुकाबला चीन से होगा, जो 'पूल बी' में 2 जीत और 1 ड्रॉ के साथ दूसरे स्थान पर रहा था।

इस बीच, पुरुष टीम 3 जीत और 1 हार के साथ 'पूल ए' में दूसरे स्थान पर रही। भारत ने अब तक अपने अभियान के दौरान 32 गोल किए हैं और उनके खिलाफ सिर्फ छह गोल हुए। पुरुष टीम ने कजाकिस्तान के खिलाफ 13-0 की शानदार जीत के साथ अपने टूर्नामेंट की शुरुआत की, लेकिन उसके बाद मेजबान जापान के हाथों 4-2 से हार का सामना करना पड़ा। भारत ने कोरिया पर 4-1 की जीत के साथ जोरदार वापसी की, जिसके बाद चीनी ताइपे के खिलाफ 13-1 की बड़ी जीत दर्ज करके सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

कप्तान केतन कुशवाहा 7 गोल के साथ भारत के लिए सर्वाधिक गोल करने वालों की लिस्ट में टॉप पर रहे, जबकि आशीष तानी पूर्ति ने 6 गोल दागे हैं। गाजी खान और शाहरुख अली ने 3-3 गोल का योगदान दिया है।

भारत 5 जून को सेमीफाइनल 2 में पाकिस्तान से भिड़ेगा। पाकिस्तान ने अपने तीन मुकाबलों में 2 जीत और 1 हार के साथ 'पूल बी' में शीर्ष स्थान हासिल किया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Jun 2026 5:07 PM IST

Tags

Next Story