यूनियन बैंक का मुनाफा दूसरी तिमाही में 32 प्रतिशत बढ़ा, एनपीए घटा
मुंबई, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। सरकारी क्षेत्र के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने सोमवार को वित्त वर्ष 27 के दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। बैंक का कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 32 प्रतिशत बढ़कर 5,781 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 4,425 करोड़ रुपए था।
सितंबर तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज से आय (एनआईआई) सालाना आधार पर 20 प्रतिशत बढ़कर 10,582 करोड़ रुपए हो गई है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 8,813 करोड़ रुपए थी।
बैंक का कंसोलिडेटेड परिचालन से मुनाफा चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर अवधि में सालाना आधार पर करीब 19 प्रतिशत बढ़कर 8,150 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 6,844 करोड़ रुपए था।
वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में बैंक की एसेट क्वालिटी में बड़ा सुधार देखने को मिला है। बैंक का ग्रॉस एनपीए कम होकर 2.42 प्रतिशत हो गया है, जो कि पिछली तिमाही में 2.65 प्रतिशत और एक साल पहले समान अवधि में 3.29 प्रतिशत था।
इस दौरान नेट एनपीए में भी गिरावट देखने को मिली है। बैंक का नेट एनपीए घटकर 0.42 प्रतिशत हो गया है, जो कि पिछली तिमाही में 0.47 प्रतिशत और एक साल पहले समान अवधि में 0.55 प्रतिशत था।
बैंक के कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो सितंबर तिमाही में 18.61 प्रतिशत रहा है, जो कि पिछली साल की समान अवधि में 17.70 प्रतिशत था। हालांकि, इसमें तिमाही आधार पर कमी देखने को मिली है और यह जून तिमाही में 19.15 प्रतिशत पर था।
बैंक की नेटवर्थ में भी सितंबर तिमाही में उछाल देखने को मिला है और यह सालाना आधार पर 14.57 प्रतिशत बढ़कर 1,34,105 करोड़ रुपए हो गई है। जून तिमाही में यह 1,28,928 करोड़ रुपए पर थी। वहीं, पिछले साल की समान अवधि में यह 1,17,044 करोड़ रुपए पर थी।
नतीजों के बाद यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के शेयर में उछाल दर्ज किया गया और यह दोपहर 1:50 पर 5.39 प्रतिशत की तेजी के साथ 180.75 रुपए पर था। बीते एक महीने में शेयर ने करीब 2 प्रतिशत, इस साल की शुरुआत से अब तक 17 प्रतिशत, बीते एक साल में करीब 32 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Oct 2026 2:21 PM IST












