अनाधिकारिक टेस्ट भारत-ए के खिलाफ श्रीलंका-ए की मजबूत शुरुआत, शतक की ओर कप्तान सहान
गाले, 2 जुलाई (आईएएनएस)। श्रीलंका-ए ने भारत-ए के खिलाफ चार दिवसीय अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले के शुरुआती दिन शानदार शुरुआत की है। मेजबान टीम ने गुरुवार के खेल की समाप्ति तक 85 ओवरों के खेल में 5 विकेट खोकर 288 रन बना लिए हैं। दोनों टीमों के बीच सीरीज का पहला मैच ड्रॉ रहा था।
भारत-ए ने टॉस जीतकर मेजबान टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पावंथा वीरसिंघे और सोहन डी लिवेरा ने पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। सोहन डे लिवेरा 3 चौकों के साथ 28 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद वीरसिंघे ने नुवानिदु फर्नांडो के साथ दूसरे विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी की। वीरसिंघे ने 67 गेंदों की अपनी पारी में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 39 रन बनाए।
श्रीलंका ने 86 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे। यहां से एशेन बंडारा ने फर्नांडो के साथ तीसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़े। फर्नांडो ने टीम के खाते में 44 रन का योगदान दिया, जबकि एशेन बंडारा 3 बाउंड्री के साथ 34 रन बनाकर आउट हुए।
श्रीलंका ने 171 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद अंजला बंडारा ने कप्तान सहान अराचिगे के साथ पांचवें विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। अंजला 3 चौकों के साथ 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि कप्तान सहान 1 छक्के और 9 चौकों के साथ 83 रन बनाकर नाबाद हैं।
भारतीय खेमे से सारांश जैन ने 77 रन देकर 2 विकेट हासिल कर लिए हैं, जबकि यश ठाकुर ने 32 रन देकर 2 विकेट निकाले हैं। इनके अलावा, गुरनूर बरार 49 रन देकर 1 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।
भारत-ए की प्लेइंग इलेवन: साईं सुदर्शन, अमन मोखाडे, देवदत्त पडिक्कल, ऋतुराज गायकवाड़, ध्रुव जुरेल (कप्तान/विकेटकीपर), शेख रशीद, सारांश जैन, जीशान अंसारी, औकिब नबी डार, यश ठाकुर और गुरनूर बरार।
श्रीलंका-ए की प्लेइंग इलेवन: पावंथा वीरसिंघे, सोहन डे लिवेरा, नुवानिदु फर्नांडो, एशेन बंडारा, सहान अराचिगे (कप्तान), अंजला बंडारा (विकेटकीपर), चमिका गुणसेकरा, दिलुम सुदीरा, केशरा नुवंता, दुलज समुदिथा और असंका मनोज।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 July 2026 6:19 PM IST












