यूपी बोर्ड हाई स्कूल और इंटरमीडिएट में बेटियों का कमाल, 12वीं में शिखा वर्मा बनीं स्टेट टॉपर
लखनऊ, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। यूपी बोर्ड ने गुरुवार को कक्षा 10वीं और 12वीं के परिणाम जारी कर दिए हैं। इस साल भी परिणाम में उत्तर प्रदेश की बेटियों ने बाजी मारी है। इसको लेकर छात्राओं में उत्साह है। सीतापुर की रहने वाली शिखा वर्मा ने 12वीं में स्टेट टॉप किया है। शिखा वर्मा ने कहा कि मैं अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, स्कूल के सभी शिक्षकों और मैनेजमेंट को देना चाहूंगी।
परीक्षा में शानदार प्रदर्शन को लेकर रायबरेली जिले की टॉपर नंदिनी गुप्ता ने कहा कि मैं कक्षा 12 में थी और मैंने 469 अंक प्राप्त किए, जो 93.80 प्रतिशत हैं, और जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
नंदिनी ने कहा कि मुझे इससे भी अधिक अंकों की उम्मीद थी। मुझे लगा था कि मुझे 95 प्रतिशत से अधिक अंक मिलेंगे, लेकिन जो भी अंक मिले हैं, वे ठीक हैं। मुझे बहुत खुशी है कि मैंने अपने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया और अपने माता-पिता को गौरवान्वित किया। मैं इसके लिए तहे दिल से भगवान, माता-पिता, और साथ ही अपने सभी शिक्षकों को धन्यवाद देना चाहती हूं, जिन्होंने पूरे साल हर कदम पर मेरा सहयोग किया।
उन्होंने कहा, "मैं आगे एसएससी की तैयारी करना चाहती हूं और एसएससी परीक्षा पास करना चाहती हूं।"
वहीं, यूपी बोर्ड हाई स्कूल और इंटरमीडिएट के नतीजों में बाराबंकी ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें लड़कियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंशिका वर्मा ने 12वीं में 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करके राज्य में तीसरा स्थान हासिल किया, जिससे पूरे जिले में जश्न का माहौल छा गया।
यूपी बोर्ड के 10वीं में अयोध्या की आराध्या जायसवाल ने 96.33 अंक लाकर राज्य में 9वीं रैंक हासिल करते हुए टॉप-10 मेरिट लिस्ट में जगह बनाई। आराध्या ने कहा कि बहुत ज्यादा खुशी हो रही है। भगवान, माता-पिता और अध्यापकों को धन्यवाद। अध्यापकों ने पूरे साल सपोर्ट किया। उन्होंने कहा कि आगे मुझे लॉ के क्षेत्र में जाना है।
प्राची पांडे का यूपी बोर्ड के 10वीं में 96.2 प्रतिशत अंक आया। उन्होंने कहा कि मेरे लिए यह बड़ा अचीवमेंट है, क्योंकि मैंने कभी सोचा नहीं था कि इतना प्रतिशत आ सकता है। मेरे माता-पिता काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि इस सफलता का श्रेय मेरे अध्यापकों को जाता है।
सीतापुर की कशिश वर्मा ने बताया कि मेरा 97.83 प्रतिशत अंक आया है। उन्होंने कहा कि इस सफलता का श्रेय मैं अपने अध्यापक और माता-पिता को देना चाहती हूं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 April 2026 11:10 PM IST












