अजय राय समेत कई कांग्रेसी नेता जाएंगे अयोध्या, रामलला का करेंगे दर्शन
लखनऊ, 29 जून (आईएएनएस)। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित हेरफेर को लेकर चल रहे विवाद के बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय समेत पार्टी के नौ नेताओं का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को अयोध्या जाएगा। प्रतिनिधिमंडल राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन और पूजा-अर्चना करेगा। इसकी जानकारी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की ओर से जारी पत्र में दी गई है।
कांग्रेस नेताओं का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब राम मंदिर दानपेटी और चढ़ावे से जुड़े मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है। माना जा रहा है कि कांग्रेस इस मुद्दे के जरिए भाजपा और प्रदेश सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है।
अजय राय के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में अमेठी से सांसद किशोरी लाल शर्मा, बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया, सीतापुर सांसद राकेश राठौर, सांसद उज्ज्वल रमण सिंह, फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद एपी गौतम, पूर्व विधायक मीता गौतम और पूर्व एमएलसी दीपक सिंह शामिल रहेंगे।
कांग्रेस का यह अयोध्या दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े मामले में जांच और कार्रवाई के बीच विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। इससे पहले समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे को उठाया था। अब कांग्रेस भी इसे लेकर भाजपा पर निशाना साध रही है।
अजय राय इससे पहले भी अयोध्या जाकर भाजपा पर कई आरोप लगा चुके हैं। अब एसआईटी जांच शुरू होने और मामले में आठ लोगों की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस नेताओं का अयोध्या दौरा प्रदेश की सियासत को और गरम कर सकता है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ऐसे मुद्दों पर अपनी सक्रियता बढ़ा रही है। पार्टी राम मंदिर से जुड़े विषय पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए भाजपा को घेरने की कोशिश कर रही है।
उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों के बीच कांग्रेस संगठन में भी बदलाव किए गए हैं। हाल ही में पार्टी ने प्रदेश प्रभारी के पद पर बदलाव करते हुए अविनाश पांडेय की जगह राजेंद्र पाल गौतम को जिम्मेदारी सौंपी है। राजेंद्र पाल गौतम दलित समुदाय से आते हैं। कांग्रेस इस नियुक्ति के जरिए अपने पुराने सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 Jun 2026 11:34 PM IST












