यूपी गाजीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, दो महीने की बच्ची समेत तीन की मौत

यूपी गाजीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, दो महीने की बच्ची समेत तीन की मौत
गाजीपुर जिले के सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के शरीफपुर स्थित हाईवे अंडरपास के नीचे रविवार को भीषण हादसा हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी, जिससे दो महिलाओं और दो महीने की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पिता और एक वर्षीय बच्ची घायल हो गए हैं।

गाजीपुर, 7 जून (आईएएनएस)। गाजीपुर जिले के सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के शरीफपुर स्थित हाईवे अंडरपास के नीचे रविवार को भीषण हादसा हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी, जिससे दो महिलाओं और दो महीने की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पिता और एक वर्षीय बच्ची घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव के रहने वाले प्रतीक गिरि अपनी पत्नी काजल गिरि, दो महीने की बेटी शेजल, एक वर्षीय बेटी श्रेया तथा भाभी रितु देवी के साथ आजमगढ़ से अपने घर लौट रहे थे। परिवार बाइक से सैदपुर के शरीफपुर स्थित हाईवे अंडरपास के नीचे पहुंचा ही था कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। बस की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और सड़क पर गिरी काजल और रितु देवी को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। हादसे में काजल की गोद में मौजूद दो महीने की मासूम शेजल की भी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में प्रतीक गिरि और उनकी एक वर्षीय बेटी श्रेया घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर बस को कोतवाली के पास रोक लिया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।

बताया जा रहा है कि मृतक रितु देवी की कोई संतान नहीं थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया तथा परिजन सैदपुर के लिए रवाना हो गए।

एसपी सिटी राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो महिलाओं और एक दो महीने की बच्ची की मौत हुई है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बस और चालक को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Jun 2026 3:41 PM IST

Tags

Next Story