यूपी में पेट्रोल-डीजल एवं घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
लखनऊ, 11 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया कि राज्य में पेट्रोल-डीजल और घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं है। सरकार ने सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही किल्लत की खबरों को भ्रामक बताते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि पेट्रोल-डीजल और गैस की कथित कमी की अफवाहें फैलाकर जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को आवश्यक ईंधन और गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है और इस व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलों में प्रशासनिक और आपूर्ति विभाग के अधिकारी लगातार पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर रहे हैं। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी रहे और घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता में कोई बाधा न आए। साथ ही आपूर्ति श्रृंखला पर लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी स्तर पर अनियमितता सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
राज्य सरकार के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और तेल कंपनियों की ओर से नियमित आपूर्ति जारी है। इसी प्रकार घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का भी पर्याप्त भंडार मौजूद है और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रशासन को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे वितरण व्यवस्था पर पैनी नजर रखें और कहीं भी अनावश्यक भीड़ या कृत्रिम कमी की स्थिति न बनने दें।
सरकार ने यह भी कहा कि कुछ स्थानों से सोशल मीडिया के माध्यम से पेट्रोल-डीजल और गैस की कमी से जुड़ी भ्रामक सूचनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को सतर्क रहने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे घबराहट में अनावश्यक रूप से ईंधन या गैस की खरीद न करें और अफवाहों से दूर रहें। सरकार का कहना है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
--- आईएएनएस
विकेटी/एएमटी
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 March 2026 9:30 PM IST












