यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में आए प्रश्न से समाज की गरिमा को ठेस पहुंचती है तो स्वीकार्य नहीं ब्रजेश पाठक
लखनऊ, 14 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में पुलिस उपनिरीक्षक (दारोगा) और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा शुरू हो गई है। यह परीक्षा 14 और 15 मार्च को प्रदेश के 75 जिलों में आयोजित की जा रही है। इसे लेकर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बयान जारी किया है।
उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में आए एक प्रश्न को लेकर जो विकल्प दिए गए उन पर हमें कड़ी आपत्ति है। सरकार ने गंभीरता से संज्ञान में लिया है। किसी भी प्रश्न से किसी समाज या वर्ग की गरिमा को ठेस पहुंचती है तो यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि मैं स्पष्ट कहना चाहता हूं कि किसी भी जाति, समुदाय या परंपरा के प्रति अपमानजनक शब्दों को कोई स्थान नहीं मिलना चाहिए। इस पूरे मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश सरकार सभी समाजों के सम्मान, समानता और संवेदनशीलता के सिद्धांत पर काम करती है। प्रदेश के हर नागरिक की गरिमा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीआरपीबी) के अनुसार, यह भर्ती परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित हो रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। बोर्ड ने अभ्यर्थियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इसके तहत सभी उम्मीदवारों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और सभी केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है। इसके साथ ही प्रशासन और पुलिस बल को भी तैनात किया गया है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके। शहर में प्रमुख-प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिससे अभ्यार्थियों को कोई परेशानी न हो।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 March 2026 9:28 PM IST












