उत्तराखंड मां बालसुंदरी का डोला नगर मंदिर के लिए रवाना, श्रद्धालुओं में उत्साह
काशीपुर, 31 मार्च (आईएएनएस)। उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले में स्थित काशीपुर में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। मां भगवती बालसुंदरी देवी के डोले का मंगलवार की रात्रि भव्य प्रस्थान चैती मंदिर से नगर मंदिर के लिए होगा। जिसको लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।
काशीपुर स्थित मां भगवती बालसुंदरी देवी मंदिर में चैती मेले के दौरान धार्मिक आस्था चरम पर है। आज रात माता का पावन डोला चैती मंदिर से नगर मंदिर के लिए पूरे विधि-विधान और भव्यता के साथ प्रस्थान करेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोले के साथ चलेंगे और माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठेगा।
मंदिर के सहायक प्रधान पंडा मनोज कुमार अग्निहोत्री ने बताया कि माता के डोले के प्रस्थान से पहले आज पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां श्रद्धालु मां के दर्शन कर रहे हैं और प्रसाद चढ़ाकर अपनी मनोकामनाएं मांग रहे हैं। वहीं, मंदिर परिसर 'जय माता दी' के जयकारों से गूंजता रहा और हर तरफ भक्ति का माहौल बना रहा।
बता दें कि बीते 25 और 26 मार्च की मध्यरात्रि में मां का डोला नगर मंदिर से चैती मंदिर पहुंचा था। इसके बाद से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश-विदेश से आए भक्तों ने माता के दरबार में मत्था टेककर अपनी मनोकामनाएं मांगी और प्रसाद चढ़ाया।
मंदिर समिति और प्रशासन द्वारा डोला यात्रा को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है, ताकि यह धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न हो सके।
पंडा मनोज अग्निहोत्री ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में आने की अपील की। मां भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करती हैं। 12 बजे से माता का हवन शुरू हो जाएगा और लगभग ढाई बजे पूर्णआहुति होगी। तीन से साढ़े तीन के बीच मां डोले में सवार होकर नगर मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगी। सुबह की आरती मां नगर मंदिर में स्वीकार करेंगी। उसके बाद सालभर भक्तों को दर्शन नहीं मिलेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 March 2026 11:06 PM IST












