उत्तराखंड छह जिलों में भारतीय किसान यूनियन का धरना खत्म, मांगें पूरी न होने पर देहरादून कूच की चेतावनी
नई दिल्ली, 23 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तराखंड में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) ने छह जिलों में चल रहे तीन दिवसीय कलेक्ट्रेट धरना स्थगित कर दिए। किसान नेताओं ने आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रशासन को सौंपा है और सोमवार को जिलाधिकारी के साथ बैठक का इंतजार कर रहे हैं। नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर तय समय में मांगें पूरी नहीं हुईं तो एक महीने बाद खटीमा से ट्रैक्टर मार्च निकालकर देहरादून को घेरा जाएगा।
एक किसान नेता ने कहा, "उत्तराखंड के अंदर हमारा तीन दिवसीय धरना था, जो छह जिलों में चल रहा था। हमारे किसानों और गरीबों की जो आठ सूत्रीय मांगें थीं, वो डीएम को सौंपी हैं। हमारी मांगपत्र पर आगे सरकार काम करेगी। इसके लिए हमने उन्हें समय दिया है। अगर वो हमारी मांग पूरी कर देंगे तो उनका धन्यवाद करेंगे, अगर नहीं करेंगे तो आगे देहरादून की तैयारी है। हमें सभी अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि प्रशासन के स्तर का जो काम है, वो लोग करेंगे। ये शासन के स्तर का काम है। अधिकारियों ने कहा कि वो ज्ञापन भेज देंगे, ये नीतिगत फैसले हैं।"
एक अन्य किसान नेता ने आगे कहा कि हमने पहले से तय किया था, यह तीन दिन का धरना था। सभी किसानों का यहां जोरदार तरीके से समर्थन मिला। एक सवाल उठ रहा था कि डीएम क्यों नहीं आए? प्रशासन ने बताया कि उनके घर में गंभीर परेशानी है, और अगर फिर भी आप चाहोगे तो वो लोग शाम या रात तक आ जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सभी किसानों ने फिर फैसला लिया कि सीडीओ साहब को ज्ञापन दे देंगे। विषय ये नहीं है कि हम किसे ज्ञापन देंगे, विषय ये है कि हमारी मांगों पर गंभीरता से विचार करके सरकार इसे पूरा करे। अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि सोमवार को तीन बजे किसान कमेटी की डीएम के साथ एक मीटिंग है। हमने जो ज्ञापन दिया है कि प्रशासन का क्या कहना है, हमारी मांगों पर कब तक काम होगा, इन सभी बातों पर मीटिंग में चर्चा की जाएगी।
किसान नेता ने बताया कि देहरादून कूच के लिए हमारी कमेटी ने कहा कि अगर सरकार हमारी बात नहीं सुनती है तो रूद्रपुर में मीटिंग होगी और तारीख तय किए जाएंगे कि आज से ठीक एक महीने बाद खटीमा से ट्रैक्टर मार्च निकालेंगे। जैसे पांच साल पहले किसानों ने दिल्ली को घेरा था, उसी तरीके से देहरादून को घेरेंगे। इनके पास एक डेढ़ महीने का वक्त है, हमारी मांग पूरी कर दें, वरना हम अनिश्चितकाल तक धरना देंगे।
एक अधिकारी ने कहा कि किसान यूनियन टिकैत गुट की ओर से धरना दिया गया। उनकी तरफ से एक ज्ञापन में मांगें दी गई हैं, जिसे हम शासन को कल भी प्रेषित किए थे और आज भी कर रहे हैं। हमने उन्हें आश्वस्त किया है कि सोमवार को कलेक्टरेट के सभागार में उनके साथ जिलाधिकारी बैठक करेंगे। जिला स्तर पर जितनी अधिक से अधिक समस्याओं का समाधान हो सकता है, उस पर हम विचार करेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 Aug 2026 11:49 PM IST












