उत्तराखंड में तापमान बढ़ने से बढ़ा जंगलों में आग का खतरा डीएफओ प्रदीप कुमार

उत्तराखंड में तापमान बढ़ने से बढ़ा जंगलों में आग का खतरा डीएफओ प्रदीप कुमार
अल्मोड़ा समेत पूरे उत्तराखंड में जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। कई इलाकों में वन संपदा को नुकसान पहुंच रहा है और हालात चिंताजनक बने हुए हैं। इसी बीच सिविल सोयम वन प्रभाग के डीएफओ प्रदीप कुमार ने स्थिति को लेकर जानकारी दी है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

अल्मोड़ा, 23 मई (आईएएनएस)। अल्मोड़ा समेत पूरे उत्तराखंड में जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। कई इलाकों में वन संपदा को नुकसान पहुंच रहा है और हालात चिंताजनक बने हुए हैं। इसी बीच सिविल सोयम वन प्रभाग के डीएफओ प्रदीप कुमार ने स्थिति को लेकर जानकारी दी है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिसकी वजह से जंगलों में आग लगने की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। हालांकि शुक्रवार को हुई थोड़ी बारिश से तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट आई है और कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन अभी भी गर्मी और सूखे की स्थिति बनी हुई है। इसी वजह से आग लगने का खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

डीएफओ ने बताया कि उनके पास कुल 51 अलर्ट प्राप्त हुए थे, जिनमें से तीन से चार जगहों पर आग लगने से वन क्षेत्र को थोड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि लगभग तीन हेक्टेयर क्षेत्र में आग की वजह से असर पड़ा है, लेकिन फॉरेस्ट विभाग की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।

उन्होंने बताया कि वन विभाग का पूरा स्टाफ लगातार अलर्ट मोड पर काम कर रहा है। जहां भी आग लगने की सूचना मिलती है, वहां तुरंत टीम भेजकर आग बुझाने का काम किया जाता है। इसके साथ ही वन पंचायतों के लोग भी अपने स्तर पर सहयोग कर रहे हैं और स्थानीय क्षेत्रों में आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रदीप कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी की तरफ से भी निर्देश जारी किए गए हैं कि लोगों को जागरूक किया जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना प्रशासन को दी जाए। उन्होंने कहा कि कई मामलों में यह भी देखा गया है कि कुछ लोग जानबूझकर आग लगाने जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं, जो बेहद गंभीर बात है।

उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे मामलों में कुछ लोगों को पकड़ा भी गया है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पूरे जिले में अब तक 5 से 6 मामलों में कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। वन विभाग की तरफ से संबंधित अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और सचिवों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहें।

डीएफओ ने आम लोगों से अपील की कि अगर किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस स्टेशन या वन विभाग को सूचना दें। उन्होंने कहा कि जंगलों को बचाना सिर्फ प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहा है कि आग पर जल्द से जल्द नियंत्रण पाया जाए, लेकिन इसमें स्थानीय लोगों की जागरूकता और सहयोग भी बहुत जरूरी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 May 2026 11:35 PM IST

Tags

Next Story