उत्तराखंड यमुनोत्री धाम में पुलिस व सुरक्षा बलों ने चलाया विशेष स्वच्छता अभियान

उत्तराखंड यमुनोत्री धाम में पुलिस व सुरक्षा बलों ने चलाया विशेष स्वच्छता अभियान
चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र यमुनोत्री धाम में शुक्रवार को उत्तरकाशी पुलिस के नेतृत्व में विभिन्न सुरक्षा बलों ने व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित इस विशेष अभियान में उत्तरकाशी पुलिस, एसडीआरएफ, आईआरबी, एटीएस, फायर सर्विस, होमगार्ड तथा पीआरडी के जवानों ने संयुक्त रूप से धाम परिसर, स्नान घाटों और यमुना नदी के तटों की सफाई की।

उत्तरकाशी, 3 जुलाई (आईएएनएस)। चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र यमुनोत्री धाम में शुक्रवार को उत्तरकाशी पुलिस के नेतृत्व में विभिन्न सुरक्षा बलों ने व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित इस विशेष अभियान में उत्तरकाशी पुलिस, एसडीआरएफ, आईआरबी, एटीएस, फायर सर्विस, होमगार्ड तथा पीआरडी के जवानों ने संयुक्त रूप से धाम परिसर, स्नान घाटों और यमुना नदी के तटों की सफाई की।

अभियान के दौरान जवानों ने यमुना नदी में प्रवाहित किए गए वस्त्रों, प्लास्टिक और अन्य कूड़ा-करकट को बाहर निकालकर एकत्रित किया तथा उसका सुरक्षित निस्तारण किया। इसके साथ ही धाम परिसर के विभिन्न स्थलों पर फैले कचरे को साफ कर पूरे क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया। सुरक्षा बलों ने यह संदेश दिया कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक श्रद्धालु की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।

चारधाम यात्रा के चरम दौर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यमुनोत्री धाम पहुंच रहे हैं। ऐसे में स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण को लेकर यह अभियान विशेष महत्व रखता है। सुरक्षा बलों ने सफाई के साथ-साथ तीर्थयात्रियों को जागरूक करते हुए अपील की कि वे पूजा सामग्री, वस्त्र, प्लास्टिक अथवा अन्य कोई भी अपशिष्ट यमुना नदी में प्रवाहित न करें तथा कूड़ा-करकट केवल निर्धारित डस्टबिन में ही डालें।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने कहा कि यमुनोत्री धाम केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि हिमालय की संवेदनशील पारिस्थितिकी का महत्वपूर्ण हिस्सा भी है। इसकी स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक श्रद्धालु स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं तो धाम की पवित्रता और प्राकृतिक सौंदर्य सुरक्षित रखा जा सकता है।

सुरक्षा बलों ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी यात्रा का अभिन्न हिस्सा बनाएं और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जनसहभागिता-आधारित अभियान भविष्य में भी निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि यमुनोत्री धाम स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बना रहे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 July 2026 10:39 PM IST

Tags

Next Story