वैभव सूर्यवंशी को व्हाइट-बॉल और रेड-बॉल क्रिकेट में संतुलन बनाने की जरूरत राहुल द्रविड़
नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ का मानना है कि क्रिकेट को हर फॉर्मेट में वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों की जरूरत है। द्रविड़ ने कहा कि सूर्यवंशी को रेड-बॉल क्रिकेट के लिए काफी समय और एक्सपोजर की जरूरत है। वैभव सूर्यवंशी इस बार दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन की तरफ से खेल रहे हैं।
द्रविड़ ने यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) के अनावरण के लिए डबलिन में एक इवेंट में क्रिकइन्फो से कहा, "यह बहुत अच्छी बात है कि वैभव को भारत में आईपीएल के जरिए कुछ व्हाइट-बॉल क्रिकेट खेलने का अनुभव मिल रहा है, लेकिन उन्हें भारतीय घरेलू सिस्टम में वापस जाकर रेड-बॉल क्रिकेट खेलने और अपने रेड-बॉल करियर को आगे बढ़ाने का भी समय मिल रहा है। इस युवा बल्लेबाज को व्हाइट-बॉल और रेड-बॉल क्रिकेट के बीच संतुलन बनाने की जरूरत है।"
उन्होंने कहा, "हम सभी टेस्ट क्रिकेट को जिंदा देखना चाहते हैं और आगे बढ़ते देखना चाहते हैं। हमें वैभव जैसे खिलाड़ियों की जरूरत है ताकि वे सभी फॉर्मेट खेल सकें।”
द्रविड़ ने कहा, "अच्छी बात यह है कि उसे कुछ समय लगेगा, उसे कुछ अनुभव की जरूरत होगी। उसे बहुत सारा रेड-बॉल क्रिकेट खेलने का मौका मिलेगा। उसने शायद उतना रेड-बॉल क्रिकेट नहीं खेला है जितना व्हाइट-बॉल क्रिकेट खेला है।"
पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, "वह सिर्फ 15 साल का है। मुझे लगता है कि आपको उसे कुछ समय देना होगा और उसके साथ सब्र रखना होगा। जाहिर है, वह शुरू से ही बहुत सफल रहा है, लेकिन वह अपने उतार-चढ़ाव से गुजरेगा, और मुझे लगता है कि लोगों को उसके साथ सब्र रखना होगा।"
द्रविड़ का मानना है कि टी20 मौकों का पीछा करने के बजाय घरेलू रेड-बॉल क्रिकेट खेलने से बतौर बल्लेबाज वैभव का विकास होगा। हम सब याद रखें कि वह सिर्फ़ 15 साल का है और उसे अभी लंबा रास्ता तय करना है। मुझे उम्मीद है कि सूर्यवंशी आखिरकार उच्च स्तर पर रेड-बॉल क्रिकेट में कदम रख पाएगा और इंडिया के लिए ऑल-फॉर्मेट खिलाड़ी बन पाएगा। यह वैश्विक क्रिकेट के लिए उत्साहजनक होगा।
सूर्यवंशी ने अब तक सिर्फ आठ प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं। उनका औसत 17.25 है। दलीप ट्रॉफी में सूर्यवंशी को कम से कम दो लगातार प्रथम श्रेणी मैच खेलने को मिल सकता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Aug 2026 1:52 PM IST












