वैशाली नाव हादसा अर्थियां उठीं तो पूरा गांव रो पड़ा, 13 मासूमों की मौत से हर आंख नम

वैशाली नाव हादसा  अर्थियां उठीं तो पूरा गांव रो पड़ा, 13 मासूमों की मौत से हर आंख नम
बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र की रामपुर श्यामचंद पंचायत में हुए नाव हादसे ने कई परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। मंगलवार रात हुए इस दर्दनाक हादसे में 13 मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। बुधवार को जब गांव में बच्चों की अर्थियां उठीं तो हर तरफ चीख-पुकार मच गई। किसी घर से मां की सिसकियां सुनाई दे रही थीं तो कहीं पिता अपने कलेजे के टुकड़े को खोने के गम में बेसुध पड़े थे।

हाजीपुर, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र की रामपुर श्यामचंद पंचायत में हुए नाव हादसे ने कई परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। मंगलवार रात हुए इस दर्दनाक हादसे में 13 मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। बुधवार को जब गांव में बच्चों की अर्थियां उठीं तो हर तरफ चीख-पुकार मच गई। किसी घर से मां की सिसकियां सुनाई दे रही थीं तो कहीं पिता अपने कलेजे के टुकड़े को खोने के गम में बेसुध पड़े थे।

गांव की गलियों से एक साथ कई बच्चों की अर्थियां निकलती देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। जिस गांव में कुछ घंटे पहले तक खुशियों का माहौल था, वहां अब मातम पसरा है। शोक में कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। इस हादसे की सबसे हृदयविदारक तस्वीर तब सामने आई, जब एक ही परिवार से सात मासूम बच्चों के शव उठे। दूसरे परिवार के पांच बच्चों की मौत ने परिजनों को तोड़कर रख दिया, जबकि तीसरे परिवार के एक बच्चे की भी जान चली गई। एक साथ इतने बच्चों की मौत से पूरा गांव सदमे में है।

जिन बच्चों की किलकारियों से घर-आंगन गुलजार रहते थे, वहां अब परिजनों की चीखें गूंज रही हैं। गांव का शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति हो, जिसकी आंखें इस त्रासदी के बाद नम न हुई हों। हादसे के बाद अस्पताल में भी शोक और पीड़ा का माहौल रहा। अधिकारी भी दुखी दिखे। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला में एक घर पर भोज का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए गांव के करीब 20 लोग एक छोटी और जर्जर नाव पर सवार होकर ढाब के दूसरी ओर जा रहे थे।

इसी दौरान बीच पानी में पहुंचते ही नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव पर सवार लोग गहरे पानी में डूबने लगे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में 13 बच्चों की जान चली गई। ग्रामीणों का कहना है कि नाव बदलने के लिए पहले आवेदन भी दिया गया था। ऐसे में हादसे के बाद जर्जर नाव की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल रामपुर श्यामचंद में हर तरफ गम का माहौल है। जिन परिवारों के बच्चों को भोज से लौटने का इंतजार था, उनके घरों में अब ऐसी खामोशी पसरी है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 Oct 2026 11:40 AM IST

Tags

Next Story