'वंदे मातरम' पर सियासत तेज, उमर-फारूक के रुख की भाजपा ने की तारीफ, कांग्रेस को घेरा

वंदे मातरम पर सियासत तेज, उमर-फारूक के रुख की भाजपा ने की तारीफ, कांग्रेस को घेरा
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला एक कार्यक्रम के दौरान 'वंदे मातरम' के पूरे गायन के समय खड़े रहे। जहां कांग्रेस की ओर से पूरे राष्ट्रगीत के गायन को लेकर आपत्ति जताई जा रही है, वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के दोनों प्रमुख नेताओं ने पूरे गायन के दौरान खड़े रहकर राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

नई दिल्ली, 9 सितंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला एक कार्यक्रम के दौरान 'वंदे मातरम' के पूरे गायन के समय खड़े रहे। जहां कांग्रेस की ओर से पूरे राष्ट्रगीत के गायन को लेकर आपत्ति जताई जा रही है, वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के दोनों प्रमुख नेताओं ने पूरे गायन के दौरान खड़े रहकर राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

एनसी नेताओं के इस रुख की भाजपा ने सराहना की। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसे देश से पहले अपने परिवार और पार्टी की चिंता रहती है।

आईएएनएस से बातचीत में भाजपा सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी देश के प्रति समर्पण की भावना से काम नहीं किया। इंसान को देश के लिए ऐसा काम करना चाहिए, जिससे सभी को प्रेरणा मिले कि देश सबसे पहले है और इसके बाद ही बाकी पार्टियां और परिवार आते हैं। लेकिन कांग्रेस का सिद्धांत हमेशा यही रहा है कि उसे सबसे पहले अपनी पार्टी और परिवार की चिंता रही है। उसे कभी देश की चिंता नहीं रही।

भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने कहा कि वंदे मातरम से लाखों लोगों ने प्रेरणा ली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने इसे उचित सम्मान दिया है। कांग्रेस को समय के साथ बदलाव करना चाहिए।

भाजपा सांसद संजय भाटिया ने कहा कि मैं नेशनल कॉन्फ्रेंस का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। जो लोग इस देश में रहते हैं, उन्हें अपने देश के संविधान का पालन करना चाहिए। जब संसद ने यह तय किया कि वंदे मातरम का पूरा संस्करण गाया जाएगा, तो यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने जानबूझकर इसका अपमान किया। देश में ऐसे कई मौके आए हैं, जब सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के बावजूद कांग्रेस ने उसके खिलाफ काम किया और सिर्फ पब्लिसिटी और झूठी लोकप्रियता पाने के लिए राजनीति की।

हरियाणा के मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि वंदे मातरम ने देश को आजाद कराने, एकजुट करने और लोगों को एक साथ लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि यह गीत कांग्रेस के दौर में भी गाया जाता था और पहले कांग्रेस ने इसका विरोध नहीं किया था। उन्होंने सवाल किया कि अब कांग्रेस इसका विरोध क्यों कर रही है?

बिहार सरकार में मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि शायद कांग्रेस को इतिहास की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने वंदे मातरम लिखा था। यह गीत स्वतंत्रता सेनानियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसे भी सांप्रदायिक रंग दिया गया। वोट बैंक की राजनीति के लिए कुछ लोग देश की संस्कृति और सभ्यता को दांव पर लगा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री ओपी चौधरी ने कांग्रेस के लंबे शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस को 50 साल तक देश चलाने का मौका मिला। इस दौरान कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड देश को आर्थिक गिरावट की ओर ले जाने और राजनीतिक व्यवस्था को आपातकाल तक पहुंचाने का रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 Sept 2026 6:51 PM IST

Tags

Next Story