वंदे मातरम विवाद पर गहलोत का सरकार पर हमला, बोले- आदेश वापस लिया जाना चाहिए

वंदे मातरम विवाद पर गहलोत का सरकार पर हमला, बोले- आदेश वापस लिया जाना चाहिए
राजस्थान में स्कूलों से जुड़े शिक्षा विभाग के निर्देश और वंदे मातरम को लेकर चल रहे विवाद के बीच कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस तरह के नियम वापस लेने चाहिए और स्कूलों में मीडिया की पहुंच पर रोक नहीं लगनी चाहिए।

जयपुर, 21 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान में स्कूलों से जुड़े शिक्षा विभाग के निर्देश और वंदे मातरम को लेकर चल रहे विवाद के बीच कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस तरह के नियम वापस लेने चाहिए और स्कूलों में मीडिया की पहुंच पर रोक नहीं लगनी चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि स्कूलों से जुड़े आदेश को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी मीडियाकर्मी स्कूल के अंदर नहीं जा सकता, ऐसा नियम लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिहाज से उचित नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार से इस आदेश को वापस लेने की मांग की।

'वंदे मातरम' को लेकर अशोक गहलोत ने भाजपा पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है।

गहलोत ने सवाल उठाया कि भाजपा का वंदे मातरम से क्या लेना-देना है। उन्होंने आरएसएस मुख्यालय पर लंबे समय तक तिरंगा नहीं फहराए जाने का भी जिक्र करते हुए भाजपा और संघ पर निशाना साधा।

अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से वंदे मातरम गाती रही है और वह स्वयं करीब 50 वर्षों से यह गीत गाते आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब अचानक भाजपा को वंदे मातरम से प्रेम हो गया है। उनके मुताबिक, इस मुद्दे पर भाजपा के पास कोई ठोस जवाब नहीं है और वह लोगों को गुमराह कर रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कोई कानून बना है तो उसका पालन होना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कांग्रेस कानून का पालन नहीं करेगी तो फिर कौन करेगा। गहलोत ने कहा कि कानून का पालन सभी को करना चाहिए, लेकिन इसके नाम पर लोगों को भ्रमित नहीं किया जाना चाहिए।

गहलोत ने राजस्थान विधानसभा के बाहर विपक्षी विधायकों के विरोध प्रदर्शन का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष के विधायकों के लिए विधानसभा के गेट ही नहीं खोले जा सकते तो इससे सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने विधानसभा में यह स्थिति देखी और इससे उन्हें काफी दुख हुआ।

गहलोत ने कहा कि विपक्ष को अपनी बात रखने और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने का अधिकार है। उन्होंने सरकार से राजनीतिक विरोध को दबाने के बजाय विपक्ष की आवाज सुनने की अपील की। साथ ही स्कूलों से संबंधित आदेश को वापस लेने और वंदे मातरम के मुद्दे पर राजनीति नहीं करने की मांग की।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 Aug 2026 1:16 PM IST

Tags

Next Story