महाराष्ट्र वसई-विरार में गैस संकट पर हाई-लेवल बैठक, प्रशासन ने अफवाहों से बचने की दी सलाह

महाराष्ट्र  वसई-विरार में गैस संकट पर हाई-लेवल बैठक, प्रशासन ने अफवाहों से बचने की दी सलाह
वैश्विक स्तर पर मध्यपूर्व एशिया में चल रहे युद्ध जैसी परिस्थितियों के बीच घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर वसई-विरार शहर में अफवाहों और घबराहट का माहौल बन रहा था। इसे देखते हुए वसई-विरार शहर महानगरपालिका (वीवीसीएमसी) ने 17 मार्च 2026 को मुख्यालय में उच्च स्तरीय बैठक बुलाई।

मुंबई, 17 मार्च (आईएएनएस)। वैश्विक स्तर पर मध्यपूर्व एशिया में चल रहे युद्ध जैसी परिस्थितियों के बीच घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर वसई-विरार शहर में अफवाहों और घबराहट का माहौल बन रहा था। इसे देखते हुए वसई-विरार शहर महानगरपालिका (वीवीसीएमसी) ने 17 मार्च 2026 को मुख्यालय में उच्च स्तरीय बैठक बुलाई।

बैठक की अध्यक्षता महापौर अजीव पाटील ने की, जिसमें महानगरपालिका आयुक्त मनोजकुमार सूर्यवंशी (आईएएस), प्रांताधिकारी, जिला आपूर्ति विभाग, गैस एजेंसियां, होटल्स एसोसिएशन, पुलिस विभाग और अन्य अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में शहर में एलपीजी सिलेंडर के स्टॉक, वितरण व्यवस्था और मांग का विस्तृत जायजा लिया गया। गैस एजेंसियों और आपूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडर का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद तय समयसीमा में डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी। आयुक्त सूर्यवंशी ने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें, अनावश्यक भीड़ न लगाएं और घबराहट न फैलाएं। उन्होंने जोर दिया कि घरेलू गैस का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही किया जाए। व्यावसायिक या अवैध उपयोग पर सख्त कार्रवाई होगी।

प्रशासन ने गैस वितरकों को समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पाइपलाइन गैस उपलब्ध क्षेत्रों में सिलेंडर की मांग न करने और वितरण न करने के आदेश जारी किए गए। सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य बताया गया और किसी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन 112 पर संपर्क करने की सलाह दी गई। व्यावसायिक उपयोग के लिए फिलहाल मांग के मुकाबले 10 प्रतिशत आपूर्ति हो रही है, जिसे बढ़ाने के लिए शासन स्तर पर प्रयास जारी हैं।

खाखरा उद्योग और होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने व्यवसाय पर पड़ रहे असर की जानकारी दी। प्रशासन ने गुजरात गैस के प्रतिनिधियों को लघु उद्योगों को आवश्यक गैस सप्लाई में सहयोग करने के निर्देश दिए। महापौर अजीव पाटील ने नागरिकों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संपर्क करने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर हर संभव सहायता करेंगे।

यह बैठक ऐसे समय में हुई जब मध्यपूर्व संकट के कारण देशभर में एलपीजी की आपूर्ति पर दबाव है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 March 2026 11:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story