विदिशा में धान की फसल पानी के अभाव में बर्बादी की कगार पर है जीतू पटवारी

भोपाल, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर किसानों की समस्या के निदान की मांग की है। इसके साथ जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री से विदिशा जिले में धान की फसल पर मंडरा रहे संकट को लेकर तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।
इसके साथ ही उन्होंने पत्र की कॉपी को सोशल मीडिया पर शेयर कर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा सरकार 'कृषि कल्याण वर्ष' मनाने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर विदिशा जिले में 76 हजार हेक्टेयर धान की फसल पानी के अभाव में बर्बाद होने की कगार पर है। यह कृषि कल्याण नहीं, बल्कि किसानों के साथ सरकारी वादों और जमीनी हकीकत के बीच का बड़ा अंतर है।
कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने कहा कि विदिशा जिले की विभिन्न तहसीलों में सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है। विदिशा तहसील में 29 प्रतिशत, गुलाबगंज में 42 प्रतिशत, कुरवाई में 31 प्रतिशत और शमशाबाद में 30 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। ऐसे में किसान हलाली बांध से नहरों के माध्यम से पानी छोड़ने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई ठोस राहत नहीं मिली है।
उन्होंने कहा कि सबसे गंभीर बात यह है कि विदिशा केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान का संसदीय क्षेत्र है। इसके बावजूद यहां के किसान अपनी फसल बचाने के लिए गुहार लगा रहे हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री के अपने संसदीय क्षेत्र में किसानों को सिंचाई के पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, तो प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में किसानों की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
जीतू पटवारी ने कहा कि हलाली बांध में 231.87 मिलियन घनमीटर जल उपलब्ध है। वर्तमान जलस्तर 459.29 मीटर है, जबकि पूर्ण जलभराव स्तर 459.61 मीटर है। इसके बावजूद किसानों की धान की फसल बचाने के लिए समय पर निर्णय नहीं लिया जाना सरकार और सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
आखिर में कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चिक करें, ताकि किसानों को अपनी ही फसल बचाने के लिए आंदोलन करने को मजबूर न होना पड़े।
--आईएएनएस
एसएनपी/एसके
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Oct 2026 11:55 AM IST












