विपक्ष पर बरसीं कंगना रनौत, कहा- खराब कर रखा है संसद का माहौल
नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने गुरुवार को संसद में हंगामे को देखते हुए मीडिया से बातचीत में विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि इन्होंने पूरी तरह से संसद का माहौल खराब करके रखा है।
विपक्ष के विरोध पर भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा, "यह बहुत आपत्तिजनक है। इन्होंने यहां का माहौल पूरी तरह से खराब कर रखा है। हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहे हैं। एक तरफ राहुल गांधी होम मिनिस्ट्री से सवाल पूछते हैं, फिर भी कहते हैं कि वे गृह मंत्री को बोलने नहीं देंगे। यह कैसा बर्ताव है? वे चर्चा की मांग करते हैं लेकिन जब उन्हें चर्चा का ऑफर मिलता है, तो वह कहते हैं कि उन्हें जवाब नहीं चाहिए। इसका तो बस एक ही मतलब है कि उनके पास कोई असली मुद्दा नहीं है। ये सब विकास, देश की तरक्की, अर्थव्यवस्था या रक्षा से जुड़े मुद्दे खत्म हो जाने के बाद, वह यहां बस नखरे कर रहे हैं।"
इसके साथ ही भाजपा सांसद शमिक भट्टाचार्य ने भी मीडिया संग बातचीत में विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि उनके पास चर्चा मे भाग लेने की हिम्मत ही नहीं है, तो वे जवाब क्या सुनेंगे। उन्होंने कहा, "जवाब सुनने की हिम्मत होनी चाहिए, जो उनके पास नहीं है। चर्चा में भाग लेने की हिम्मत उनकी हो नहीं रही है, उनके पास कोई मुद्दा ही नहीं है। देश में जो भ्रष्टाचार चल रहा है, उसकी नीव कांग्रेस पार्टी द्वारा रखी गई है।"
उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी जनता के दिलों से खेलती चली आई है और अभी भी यही कर रही है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी जनता के साथ धोखाधड़ी कर रही है। जनता ने उन्हें चर्चा में भाग लेने, उनका दुख-दर्द सुनने के लिए चुना है। विपक्ष सिर्फ अपने आपको सर्वोपरि दिखाने के लिए ये सब कर रहा है।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को जनता ने ठुकरा दिया है। उनके पास कहने के लिए कुछ है ही नहीं और सदियों पुरानी पार्टी पैरासाइट बनकर रह गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Aug 2026 1:10 PM IST












