वोट बचाओ नहीं, ‘घुसपैठिए बचाओ यात्रा’ चला रहा है विपक्ष शायना एनसी

मुंबई, 3 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शायना एनसी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन पर संसद की कार्यवाही से दूरी बनाने और लोकतांत्रिक मंच पर चर्चा से बचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी रामलीला मैदान में जाकर भाषण तो देते हैं लेकिन जब संसद में महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने की बात आती है, तो वे पीछे हट जाते हैं। शायना एनसी ने सवाल किया कि राहुल गांधी संसद में बहस करने से इतना क्यों डरते हैं।
शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शायना एनसी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार राहुल गांधी से संसद में आकर चर्चा करने और कार्यवाही में हिस्सा लेने की अपील कर रहे हैं। इसके बावजूद राहुल गांधी संसद में बहस करने के बजाय बाहर राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं।
उन्होंने मतदाता सूची से तीन करोड़ नाम हटाए जाने के मुद्दे पर विपक्ष के विरोध को भी घेरा। उन्होंने कहा कि हटाए गए नाम वास्तविक मतदाताओं के नहीं बल्कि घुसपैठियों के थे।
उन्होंने विपक्षी गठबंधन 'इंडी' पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह 'वोट बचाओ यात्रा' के नाम पर वास्तव में 'घुसपैठिए बचाओ यात्रा' चला रहा है। उनके इस बयान से मतदाता सूची और कथित अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर सियासी विवाद और तेज होने का संकेत है।
शायना एनसी ने राहुल गांधी की राजनीति और उनके बयानों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी, अपनी साजिश की थ्योरी दूसरों से बनवाना बंद कीजिए। आप विदेश जाकर भारत को बदनाम करते हैं और फिर वहीं से ट्वीट करते हैं। यह आपकी हताशा है, कोई जानकारी नहीं।"
उन्होंने राहुल गांधी की चुनावी हार का जिक्र करते हुए कहा कि जो नेता अमेठी का चुनाव नहीं जीत सके, वह अब देश के 140 करोड़ लोगों द्वारा चुने गए प्रधानमंत्री को बहस की चुनौती दे रहे हैं। शायना एनसी ने राहुल गांधी को सलाह दी कि प्रधानमंत्री को चुनौती देने से पहले उन्हें अपनी पार्टी के कामकाज पर चर्चा करनी चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस की चुनावी स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी लगातार चुनाव हार रहे हैं। कांग्रेस नेता को इस बात पर जवाब देना चाहिए कि उनकी पार्टी लगातार तीन चुनावों में क्यों हारी। राहुल गांधी को 2029 के चुनाव में भी हार का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी चुनाव हारते हैं, तो भारतीय मतदाताओं को दोष देते हैं और जब विमर्श की लड़ाई में पिछड़ते हैं, तो विदेशियों पर आरोप लगाते हैं।
महाराष्ट्र की राजनीति और महायुति गठबंधन के भीतर चल रहे घटनाक्रम पर भी शायना एनसी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कभी दूसरी पार्टियों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं किया है। उनका मानना है कि हर राजनीतिक दल को अपने फैसले लेने और अपनी पार्टी के संचालन का पूरा अधिकार है।
शायना एनसी ने कहा कि महायुति का मुख्य उद्देश्य महाराष्ट्र के प्रत्येक नागरिक का विकास करना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए गठबंधन के सभी नेता एकजुट होकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महायुति के नेता दिन-रात मेहनत कर रहे हैं ताकि राज्य के लोगों तक विकास का लाभ पहुंच सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
