'वृक्ष मित्र परिवार' का होगा राष्ट्रीय ढांचा शिवराज सिंह चौहान
नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को देश भर से जुड़े लगभग 17,000 ‘वृक्ष मित्रों’ के बीच पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने का संकल्प लिया।
चौहान ने ‘वृक्ष मित्रों’ से प्राप्त सुझावों और संवाद के आधार पर पर्यावरण संरक्षण को ठोस जन आंदोलन का रूप देने के लिए एक स्पष्ट और सुव्यवस्थित कार्ययोजना प्रस्तुत की।
उन्होंने निर्णय लिया कि प्रत्येक परिवार जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, संतान प्राप्ति और माता-पिता की पुण्य स्मृतियों जैसे अवसरों पर एक वृक्षारोपण करेगा और इन्हें ‘वृक्ष उत्सव’ में परिवर्तित करेगा, ताकि धीरे-धीरे यह परंपरा हर घर की आदत बन जाए।
प्रत्येक ‘वृक्ष मित्र’ वर्ष में कम से कम एक वृक्षारोपण करेगा और इस अभियान से कम से कम पांच नए लोगों को जोड़ने का संकल्प लेगा, जिसकी सार्वजनिक घोषणा सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट के माध्यम से की जाएगी, ताकि 12 अगस्त को हरियाली अमावस्या तक एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया जा सके।
चौहान ने राष्ट्रीय, राज्य, जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर 'वृक्ष मित्र परिवार' की समितियां गठित करने का प्रस्ताव रखा, ताकि पूरे अभियान को एक संगठित ढांचे में चलाया जा सके। साथ ही, इस ढांचे का औपचारिक पंजीकरण कराने और पंचायतों और शहरी स्थानीय निकायों में वृक्षारोपण के लिए निश्चित स्थल निर्धारित करने की बात कही गई, जहां हर शुभ कार्य और सरकारी योजनाएं – जैसे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, लखपति दीदी योजना, कृषि और ग्रामीण विकास विभागों के कार्यक्रम – वृक्षारोपण से ही शुरू हों।
वे नई दिल्ली के पूसा कॉम्प्लेक्स में आयोजित 'पर्यावरण संरक्षण संकल्प कार्यक्रम और वृक्ष मित्र संवाद' में बोल रहे थे।
मंत्री ने कहा कि यह केवल पर्यावरण का प्रश्न नहीं है, बल्कि मानव अस्तित्व का संकट है – बढ़ता समुद्री जलस्तर, बढ़ती गर्मी, प्रदूषित हवा, दूषित पानी और तेजी से लुप्त होती जैव विविधता आने वाली पीढ़ियों के जीवन के लिए प्रत्यक्ष खतरे के रूप में खड़े हैं।
विश्व भर में घटित घटनाओं और वैज्ञानिक तथ्यों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यदि अभी ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो 2050 और उसके बाद की स्थिति बेहद चिंताजनक हो सकती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 July 2026 10:52 PM IST












