वेस्टइंडीज ने बॉब कार्टर को बल्लेबाजी सलाहकार नियुक्त किया, जानिए कितने समय का कार्यकाल होगा?
सेंट जॉन्स (एंटीगा), 9 सितंबर (आईएएनएस)। क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) ने बुधवार को अनुभवी कोच बॉब कार्टर को एक वर्ष के अनुबंध पर टीम का बल्लेबाजी सलाहकार नियुक्त किया है।
बॉब कार्टर ने आधिकारिक तौर पर 1 सितंबर को अपना कार्यभार संभाल लिया है। अब क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) के पुरुष, महिला और आयु वर्ग के विकास कार्यक्रमों की निगरानी करेंगे। उनके पहले प्रमुख कार्य के तहत इस महीने के अंत में सभी छह फर्स्ट क्लास क्षेत्रों, बारबाडोस, गुयाना, जमैका, त्रिनिदाद और टोबैगो, लीवार्ड आइलैंड्स और विंडवर्ड आइलैंड्स का दौरा शामिल है। इस दौरान वह खिलाड़ियों और स्थानीय कोचों के साथ सीधे संवाद करते हुए बल्लेबाजी के तकनीकी स्तर को मजबूत करने पर काम करेंगे।
यह नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है, जब वेस्टइंडीज एक व्यस्त इंटरनेशनल कैलेंडर की तैयारी कर रहा है, जिसमें फरवरी और मार्च 2027 में होने वाला पुरुषों का आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर भी शामिल है।
पद संभालने के बाद बॉब कार्टर ने कहा, "वेस्टइंडीज क्रिकेट की शानदार बल्लेबाज तैयार करने की गौरवशाली परंपरा रही है। मेरा काम भविष्य की पीढ़ी के वर्ल्ड-क्लास खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए आधार बनाने में मदद करना है। मेरा ध्यान हमेशा खिलाड़ियों और कोचों को उनकी पूरी क्षमता तक पहुंचने में मदद करने पर रहा है। मैं इसे हासिल करने के लिए क्षेत्रीय और हाई-परफॉर्मेंस कोचों के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।"
बॉब कार्टर ने अपने करियर में 60 फर्स्ट-क्लास मैच के साथ 50 लिस्ट-ए मैच भी खेले हैं। वह कैरिबियाई टीम में तीन दशकों का बेहतरीन कोचिंग अनुभव लेकर आए हैं। कार्टर ने साल 2012 से 2025 तक न्यूजीलैंड क्रिकेट के साथ हाई-परफॉर्मेंस कोच के तौर पर काम किया था।
उनके शानदार करियर में 2019 से 2022 तक न्यूजीलैंड महिला टीम के हेड कोच के तौर पर काम करना, ब्लैककैप्स के असिस्टेंट कोच के तौर पर दो बार काम करना और इंग्लैंड में नॉर्थम्प्टनशायर के साथ काउंटी क्रिकेट में सीनियर एडमिनिस्ट्रेटिव भूमिकाएं निभाना भी शामिल है।
इस कदम के पीछे की लंबी अवधि की सोच पर बात करते हुए, सीडब्ल्यआई के क्रिकेट डायरेक्टर माइल्स बास्कोम्बे ने कहा कि कार्टर को लाने के पीछे का मकसद व्यक्तिगत खिलाड़ी के विकास के साथ-साथ रीजनल कोचिंग ढांचे को मजबूत करने पर खास ध्यान देना है।
उन्होंने कहा, "वेस्टइंडीज की टीमें अगले 24-30 महीनों में कम से कम 6 ग्लोबल इवेंट्स में हिस्सा लेंगी, जिसमें अगले फरवरी में होने वाला मेंस वर्ल्ड कप क्वालीफायर भी शामिल है। हम अभी जो कदम उठा रहे हैं, उनका मकसद सफलता के लिए आधार तैयार करना है। बॉब का फौरी काम इन इवेंट्स से पहले टेक्निकल स्टैंडर्ड को बेहतर बनाना है, लेकिन इस नियुक्ति का पैमाना यह नहीं है कि बारह महीनों में हमारी टॉप छह टीमें कैसी दिखती हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Sept 2026 12:16 AM IST












