वेस्टइंडीज पर धीमी ओवर-रेट के लिए 10 प्रतिशत जुर्माना लगा, डब्ल्यूटीसी के 2 अंक काटे गए

वेस्टइंडीज पर धीमी ओवर-रेट के लिए 10 प्रतिशत जुर्माना लगा, डब्ल्यूटीसी के 2 अंक काटे गए
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम पर श्रीलंका के खिलाफ एंटीगुआ में खेले गए दूसरे टेस्ट के दौरान धीमी ओवर-रेट बनाए रखने के कारण आईसीसी ने कार्रवाई करते हुए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही टीम के दो महत्वपूर्ण आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) अंक भी काट लिए गए हैं।

एंटीगुआ, 8 जुलाई (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम पर श्रीलंका के खिलाफ एंटीगुआ में खेले गए दूसरे टेस्ट के दौरान धीमी ओवर-रेट बनाए रखने के कारण आईसीसी ने कार्रवाई करते हुए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही टीम के दो महत्वपूर्ण आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) अंक भी काट लिए गए हैं।

आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने यह फैसला तब सुनाया, जब समय की स्वीकृत छूट को ध्यान में रखने के बाद भी वेस्टइंडीज निर्धारित लक्ष्य से दो ओवर पीछे रह गई।

आईसीसी के प्लेयर्स और प्लेयर सपोर्ट स्टाफ के लिए लागू आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार, "यदि कोई टीम तय समय के भीतर अपने पूरे ओवर नहीं फेंक पाती है तो प्रत्येक कम ओवर के लिए खिलाड़ियों की मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। इस नियम के तहत अधिकतम जुर्माना मैच फीस का 50 प्रतिशत तक हो सकता है। चूंकि वेस्टइंडीज दो ओवर कम रही, इसलिए टीम पर कुल 10 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया।"

इसके अलावा, आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के प्लेइंग कंडीशंस के अनुच्छेद 16.11.2 के तहत प्रत्येक कम ओवर के लिए एक डब्ल्यूटीसी अंक काटा जाता है। इसी नियम के तहत वेस्टइंडीज के खाते से दो अंक घटा दिए गए। अंक कटने के बाद टीम की प्रतिशत अंक (पीसीटी) 15 रह गई है। वेस्टइंडीज मौजूदा डब्ल्यूटीसी तालिका में आठवें स्थान है।

वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज ने अपने ऊपर लगाए गए आरोप स्वीकार कर लिए और प्रस्तावित सजा को मान लिया, जिसके चलते औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। यह आरोप मैदानी अंपायर पॉल रीफेल और अहसान रजा, तीसरे अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद तथा चौथे अंपायर डेइटन बटलर ने लगाए थे।

मैच की बात करें तो एंटीगुआ में खेला गया दूसरा टेस्ट ड्रॉ रहा। वेस्टइंडीज ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। वेस्टइंडीज ने श्रीलंका के खिलाफ 23 साल बाद टेस्ट सीरीज जीती है। रोस्टन चेज की कप्तानी में वेस्टइंडीज की यह पहली टेस्ट सीरीज जीत भी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 July 2026 10:07 PM IST

Tags

Next Story