विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया

विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया
विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत ने गुरुवार को 32 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। भरत ने साल 2023 से 2024 के बीच टीम इंडिया के लिए 7 टेस्ट मैच खेले। इसके अलावा, घरेलू क्रिकेट में आंध्र के लिए अहम भूमिका निभाई थी।

नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत ने गुरुवार को 32 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। भरत ने साल 2023 से 2024 के बीच टीम इंडिया के लिए 7 टेस्ट मैच खेले। इसके अलावा, घरेलू क्रिकेट में आंध्र के लिए अहम भूमिका निभाई थी।

संन्यास की घोषणा करते हुए भरत ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक नोट में लिखा, "गर्व भरे दिल और कृतज्ञता की भावना के साथ, मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा करता हूं। अपने देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। मेरी इस यात्रा में बहुत अधिक धैर्य और ताकत की जरूरत पड़ी, लेकिन टेस्ट मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व करने का सम्मान हर पल के लायक है। चार लोगों के हमारे परिवार में, हम सभी ने दो दशकों तक एक ही सपना जिया; मेरी बहन, मां और पिता को बहुत-बहुत धन्यवाद कि उन्होंने ऐसा माहौल और सपोर्ट सिस्टम बनाया। मैं उनके प्यार, अनुशासन और कड़ी मेहनत का ही नतीजा हूं।"

उन्होंने कहा, "धन्यवाद, बीसीसीआई, और उन सभी कोचों और मैनेजर्स को जिनसे मैं अपने करियर में मिला। उन्होंने बिना किसी शर्त के मेरा साथ दिया और मुझे उच्चतम स्तर पर खेलने और बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए एक शानदार माहौल दिया। धन्यवाद, आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन, वीडीसीए, और सभी पदाधिकारियों को, जिन्होंने मेरे बचपन से ही मेरा साथ दिया और मुझे प्रोत्साहित किया। मैं उन सभी ग्राउंड्समैन का बहुत-बहुत आभारी और ऋणी हूं, जिन्होंने यह पक्का करने के लिए बहुत कड़ी मेहनत की कि मुझे हर समय सबसे अच्छी पिचें और मैदान की स्थितियां मिलें। अपने सभी साथियों को, मैं उन सभी पलों और उपलब्धियों के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं, जो हमने साथ मिलकर हासिल कीं। इनसे मेरे करियर में मुझे बहुत मदद मिली। आप सभी के बिना, मेरे लिए अपने सपनों को पूरा करना और इतने वर्षों तक यह खेल खेलना मुमकिन नहीं हो पाता।"

केएस भरत ने कहा, "मेरे आईपीएल डेब्यू कप्तान, विराट कोहली को बहुत-बहुत धन्यवाद, जिन्होंने मुझे अपनी काबिलियत दिखाने और पहचान बनाने का मौका दिया। मेरे भारतीय कप्तान, रोहित शर्मा को भी बहुत-बहुत धन्यवाद, जिनके नेतृत्व में मैंने अपना टेस्ट डेब्यू किया। यह अनुभव अनमोल है और इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। मेरे भारतीय कोच, राहुल द्रविड़ सर को भी धन्यवाद। भारत-ए से लेकर भारतीय टीम तक, उनका मार्गदर्शन मैं कभी नहीं भूलूंगा। आपके सहयोग से ही मैं एक भारतीय टेस्ट क्रिकेटर बन पाया। हमारा राष्ट्रगान सुनना और इस खेल के महान दिग्गजों के साथ मैदान साझा करना, ये ऐसी यादें हैं जिन्हें मैं हमेशा संजोकर रखूंगा। मैं उन सभी लोगों का तहे दिल से आभारी हूं, जो मेरी इस यात्रा का हिस्सा रहे हैं। क्रिकेट ने मुझे कई मायनों में सब कुछ दिया है। मैं अपना जीवन इसी को समर्पित करता हूं।"

भरत को पहली बार नवंबर 2019 में भारतीय टीम में बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने फरवरी 2023 में अपना टेस्ट डेब्यू किया। यह तब हुआ जब ऋषभ पंत एक जानलेवा कार दुर्घटना में लगी चोटों से उबरने के कारण टीम से बाहर हो गए थे।

भरत घरेलू क्रिकेट में, भरत रणजी ट्रॉफी में तिहरा शतक लगाने वाले पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज बने थे। उन्होंने 2014/15 के रणजी ट्रॉफी सीजन में ओंगोल में गोवा के खिलाफ आंध्र की ओर से खेलते हुए 311 गेंदों में 308 रन बनाए थे। कुल मिलाकर, उन्होंने 113 फर्स्ट-क्लास मैचों में 36.53 की औसत से 6102 रन बनाए, इसके अलावा 'लिस्ट-ए' और 20-ओवर के मैचों में क्रमशः 2692 और 1812 रन बनाए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Jun 2026 10:32 PM IST

Tags

Next Story