विंबलडन 'वाइल्ड कार्ड' फेरी ने कोबोली को शिकस्त देकर उलटफेर किया, सेमीफाइनल में ज्वेरेव से होगा सामना
लंदन, 8 जुलाई (आईएएनएस)। ब्रिटेन के आर्थर फेरी ने विंबलडन 2026 में अपना शानदार सफर जारी रखते हुए फ्रेंच ओपन 2026 के रनर-अप फ्लेवियो कोबोली को 6-4, 7-6(4), 6-0 से मात देकर पुरुषों के सेमीफाइनल में जगह बना ली। आर्थर ऐसा करने वाले इतिहास के दूसरे वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी बन गए हैं।
शुक्रवार को ऑल इंग्लैंड क्लब में होने वाले सेमीफाइनल में फेरी का मुकाबला दूसरी वरीयता प्राप्त और रोलैंड गैरोस चैंपियन अलेक्जेंडर ज्वेरेव से होगा, जिन्होंने छठी वरीयता प्राप्त टेलर फ्रिट्ज को 6-4, 6-4, 6-2 से हराया था।
बुधवार को फेरी ने अपने घरेलू ग्रैंड स्लैम में बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखा। आर्थर ने इटली के कोबोली को 2 घंटे और 14 मिनट तक चले मुकाबले में मात दी। इसी के साथ आर्थर क्रोएशियाई दिग्गज गोरान इवानिसेविच की बराबरी करते हुए विंबलडन सेमीफाइनल में पहुंचने वाले दूसरे वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी बन गए।
23 वर्षीय ब्रिटिश खिलाड़ी ने लंदन की चिलचिलाती धूप में शानदार ऑल-राउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने टॉप-10 स्टार कोबोली को हराया और एसडब्ल्यू19 में सबसे कम रैंकिंग वाले मेंस सिंगल्स सेमीफाइनलिस्ट बने। उनसे पहले, साल 2001 में तत्कालीन वर्ल्ड नंबर 125 गोरान इवानिसेविच ने खिताब जीता था।
फेरी 'ओपन एरा' में विंबलडन सेमीफाइनल में पहुंचने वाले पांचवें ब्रिटिश पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले रोजर टेलर, टिम हेनमैन, एंडी मरे और कैमरून नॉरी ऐसा कर चुके हैं।
एक तरफ, फेरी ने अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज कराया है, तो दूसरी ओर, ज्वेरेव ने भी अपने शानदार सीजन को जारी रखते हुए कुछ अहम उपलब्धियां हासिल कीं। डेढ़ महीने पहले रोलैंड गैरोस में अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के बाद, यह जर्मन खिलाड़ी अपने करियर में पहली बार विंबलडन के क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल तक पहुंचा।
अलेक्जेंडर ज्वेरेव के खिलाफ मुकाबले में फ्रिट्ज दाएं घुटने की उसी चोट के दोबारा उभरने से जूझ रहे थे, जिसके कारण उन्हें क्ले-कोर्ट सीजन से बाहर रहना पड़ा था। इसके बावजूद अलेक्जेंडर ज्वेरेव अपने सर्वश्रेष्ठ खेल का प्रदर्शन कर रहे थे। वह बिल्कुल किसी ग्रैंड स्लैम चैंपियन की तरह खेलते नजर आए—और उनका यह रूप किसी भी प्रतिद्वंद्वी के लिए बेहद डरावना साबित हो सकता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 July 2026 11:28 PM IST












