विमेंस डीपीएल दीक्षा की शानदार गेंदबाजी, राइडर्स पर जीत के साथ क्वींस का अभियान समाप्त
नई दिल्ली, 1 सितंबर (आईएएनएस)। सेंट्रल दिल्ली क्वींस ने जीत के साथ विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में अपने अभियान का समापन किया। इस टीम ने मंगलवार को ईस्ट दिल्ली राइडर्स के खिलाफ 41 रन से मुकाबला अपने नाम किया।
दोनों टीमें पहले ही खिताबी रेस से बाहर थीं। सेंट्रल दिल्ली क्वींस ने 6 में से 2 मैच जीतकर तीसरे स्थान पर रहते हुए अपने अभियान का समापन किया, जबकि ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने 6 में से 5 मैच गंवाए। यह टीम सबसे अंतिम (चौथे) पायदान पर रही। बुधवार को फाइनल मैच नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स और साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के बीच खेला जाना है।
अरुण जेटली स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेंट्रल दिल्ली क्वींस ने 9 विकेट खोकर 138 रन बनाए। कप्तान दीक्षा शर्मा और तनु चौहान ने पहले विकेट के लिए 17 रन की साझेदारी की। दीक्षा 14 गेंदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद तनु ने निधि महतो के साथ दूसरे विकेट के लिए 14 रन जुटाए।
तनु के रूप में टीम ने अपना दूसरा विकेट गंवाया, जो 7 गेंदों में सिर्फ 3 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। यहां से निधि महतो ने अक्षिता जैन के साथ तीसरे विकेट के लिए 20 गेंदों में 25 रन जोड़कर टीम को अर्धशतक के पार पहुंचा दिया।
अक्षिता 8 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद टीम निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाती रही। इस बीच निधि महतो ने 53 गेंदों में 2 छक्कों और 11 चौकों के साथ 80 रन की पारी खेलकर अपना दमखम दिखाया। विपक्षी खेमे से भारती रावल ने 13 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि वंशिका ने 14 रन देकर 3 विकेट निकाले। तमन्ना सिंह ने 2 विकेट अपने नाम किए।
इसके जवाब में ईस्ट दिल्ली राइडर्स 20 ओवरों की समाप्ति तक 5 विकेट खोकर 97 रन ही बना सकी। इस टीम ने 36 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद सिमरन बहादुर ने पूर्वा सिवाच के साथ पांचवें विकेट के लिए 44 गेंदों में 43 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं।
सिमरन 38 गेंदों में 4 चौकों के साथ 29 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि पूर्वा सिवाच ने 30 रन बनाए। इनके अलावा, राजश्री यादव 10 रन बनाकर नाबाद रहीं। विपक्षी खेमे से दीक्षा शर्मा ने 19 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट निकाले। नेहा परमार और निष्ठा बिष्ट ने 1-1 विकेट चटकाया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Sept 2026 11:29 PM IST












